दहशत फैलाने वाले युवकों को दबोचा गया

दर्यापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार व वाहन जब्त

अमरावती/दि.6 – दर्यापुर शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दर्यापुर पुलिस ने दहशत फैलाने वाले युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ घूम रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तलवार, चाकू, डंडे, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बनोसा क्षेत्र में छापेमारी की गई. जांच के दौरान कुछ युवक चारपहिया वाहन और मोटरसाइकिलों में सवार होकर हाथों में तलवार, चाकू लेकर लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में लिया. आरोपियों के पास से एक लोहे की तलवार, एक धारदार चाकू, दो प्लास्टिक व लकड़ी के डंडे, एक चारपहिया वाहन, तीन मोटरसाइकिलें तथा छह मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं. जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 69 हजार 580 रुपये बताई गई है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार रखने, शांति भंग करने तथा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. इसी अभियान के तहत दर्यापुर पुलिस ने खुलेआम शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने तथा बुलेट मोटरसाइकिलों में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भी विशेष कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान 17 वाहन चालकों पर मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने सात बुलेट मोटरसाइकिलों के साइलेंसर जब्त कर लगभग 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई. इसके अलावा लापरवाही से वाहन चलाने वालों से 15 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. जिला पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से कानून का पालन करने, यातायात नियमों का सम्मान करने तथा किसी भी प्रकार की दहशत फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button