अमरावती में शासकीय छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया शुरू

30 जून तक करें ऑनलाइन आवेदन

अमरावती/दि.6- सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित शासकीय छात्रावासों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, विमुक्त जाति-भटक्या जमाती, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को इन छात्रावासों में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा.
विभाग की ओर से बताया गया है कि कक्षा 8वीं से 10वीं तक के स्कूली विद्यार्थियों तथा कनिष्ठ एवं वरिष्ठ महाविद्यालयीन पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को छात्रावासों में निःशुल्क आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को पहले आधिकारिक पोर्टल एचएमएएस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. इसके बाद आवेदन पत्र की प्रिंट निकालकर संबंधित छात्रावास में ऑफलाइन जमा करना अनिवार्य रहेगा.
अमरावती शहर के निंभोरा स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर शासकीय वसतिगृह (यूनिट 1, 2 और 3), संत गाडगे महाराज मुलांचे शासकीय वसतिगृह तथा छात्राओं के लिए कैंप परिसर और जेल रोड स्थित क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले शासकीय वसतिगृह की विभिन्न इकाइयों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसके अलावा जिले के सभी तहसील स्तर के शासकीय छात्रावासों में भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं. विभागीय समय-सारणी के अनुसार कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है. इन विद्यार्थियों की पहली प्रवेश सूची 7 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
कनिष्ठ महाविद्यालय एवं गैर-व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई रखी गई है, जबकि व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम अलग से घोषित किया जाएगा. सामाजिक कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त राजेंद्र जाधवर ने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन जमा करने की अपील की है. अधिक जानकारी के लिए विभाग के दूरभाष क्रमांक 0721-2661261 पर संपर्क किया जा सकता है.

Back to top button