एसो. ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया का ‘सर्जन्स वीक’ 5 से 14 जून तक
वृक्षारोपण, रक्तदान, स्तन कैंसर जागरूकता, योग शिविर और निःशुल्क शल्य चिकित्सा जैसे कार्यक्रम होंगे आयोजित

* पत्रवार्ता में विस्तार के साथ दी गई सभी आयोजनों की जानकारी
अमरावती/दि.6 – एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) की ओर से 5 जून से 14 जून 2026 तक सर्जन्स वीक के अंतर्गत समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान अमरावती जिले में विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए आयोजित पत्रकार परिषद में आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सर्जनों की सामाजिक प्रतिबद्धता को समाज के समक्ष प्रस्तुत करना और जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाना है.
आयोजन की जिम्मेदारी एएसआई की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेंद्र गणेरीवाल, एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स अमरावती के अध्यक्ष डॉ. मुरलीधर बूब, सचिव डॉ. कौस्तुभ साडा तथा संयोजक डॉ. जयश्री इंगोले ने संभाली है. उन्होंने बताया कि पूरे देश में चलने वाले इस उपक्रम के अंतर्गत अमरावती में भी व्यापक सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है. कार्यक्रमों की शुरुआत 5 और 6 जून को वृक्षारोपण अभियान से होगी. इसके बाद 7 जून को होमगार्ड कार्यालय में आम नागरिकों के लिए जीवन रक्षक तकनीकों एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसी दिन वरिष्ठ सर्जनों का सम्मान समारोह भी आयोजित होगा. 8 जून को नर्सिंग स्टाफ के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया है, जबकि 9 जून को स्वास्थ्य विषयक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. 10 एवं 11 जून को स्तन कैंसर जागरूकता अभियान और आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. 12 जून को वृक्षारोपण एवं वृद्धाश्रम सहायता कार्यक्रम होंगे. 13 जून को सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 जून को अमरावती, मंगलधाम पीर तथा परतवाड़ा में एक साथ रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे.
आयोजकों ने बताया कि समाज कल्याण सप्ताह के दौरान शहर के नामचीन शल्य चिकित्सकों द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए निःशुल्क शल्य चिकित्सा भी की जाएगी. इस उपक्रम का संचालन धनवंतरी सहकारी अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. ओ. जी. मुंधडा के मार्गदर्शन में किया जाएगा. स्तन कैंसर जागरूकता अभियान का नेतृत्व डॉ. जयश्री इंगोले करेंगी, जबकि रक्तदान शिविरों के आयोजन में डॉ. राजेंद्रसिंह अरोरा, डॉ. अनंत पोरे, डॉ. किशोर बेले, डॉ. कौस्तुभ साडा तथा डॉ. संगीता खोना की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. वृक्षारोपण कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र गणेरीवाल और डॉ. आशीष डवावर करेंगे. इसके अलावा 10 से 21 जून तक ‘योगा फॉर डॉक्टर्स’ नामक विशेष योग शिविर भी आयोजित किया जाएगा. इस शिविर में योग गुरु जनार्दन स्वामी योगाभ्यास मंडल के प्रशिक्षक मकरंद जोग एवं योग शिक्षिका स्मिता जोग मार्गदर्शन प्रदान करेंगे.
आयोजकों के अनुसार इस समाज कल्याण सप्ताह में विभिन्न अस्पतालों, सामाजिक संस्थाओं और चिकित्सा संगठनों का सहयोग प्राप्त हो रहा है. कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, कैंसर रोकथाम तथा समाजसेवा के क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.





