15 जून तक महाराष्ट्र में व्यापक मानसूनी बारिश की संभावना कम

किसान बुवाई में जल्दबाजी न करें

मुंबई /दि.8 दक्षिण कोंकण में मानसून ने प्रवेश कर लिया है, लेकिन अभी यह पूरे राज्य में सक्रिय नहीं हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी जिलों के कुछ हिस्सों में 9 जून तक मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. हालांकि इसके बाद कम से कम 15 जून तक महाराष्ट्र में बारिश की तीव्रता और मानसून की प्रगति की रफ्तार धीमी रहने के संकेत हैं. ऐसे में राज्यभर में संतोषजनक और व्यापक वर्षा की संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है.
वर्तमान मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 15 जून तक विदर्भ, मराठवाड़ा, खानदेश तथा मध्य महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद बादल छाने और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है. लेकिन यह बारिश बड़े क्षेत्र में बुवाई के लिए पर्याप्त और अनुकूल साबित होगी, ऐसी स्थिति अभी नहीं बन रही है. इस बीच 12 जून तक राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान ऊंचा बने रहने का अनुमान है. विदर्भ और खानदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह सकता है, जबकि मराठवाड़ा में यह 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. कृषि एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने किसानों और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि, संभावित आंधी-बारिश के आधार पर बुवाई की जल्दबाजी न करें. बिजली चमकने और गरज-तूफान के दौरान पेड़ों के नीचे, टिनशेड के नीचे तथा विद्युत ट्रांसफॉर्मर, बिजली के खंभों और विद्युत लाइनों के पास खड़े होने से बचें. विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे आगामी दिनों के मौसम की स्थिति पर नजर रखें और पर्याप्त वर्षा होने के बाद ही खेती संबंधी निर्णय लें.

Back to top button