नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के बाद अभिजीत दीपके पहुंचे संभाजीनगर

घर के बाहर कड़ी पुलिस सुरक्षा

छत्रपति संभाजीनगर /दि.9 – सोशल मीडिया पर चर्चित डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के माध्यम से नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में आवाज उठाने वाले अभिजीत दीपके रविवार सुबह अपने गृह नगर छत्रपति संभाजीनगर पहुंचे. करीब एक वर्ष बाद माता-पिता से मुलाकात करने पहुंचे अभिजीत का परिवार ने भावुक स्वागत किया.
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने समर्थकों के साथ नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे. हालांकि धरना स्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ नहीं जुटी, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से यह आंदोलन देशभर में चर्चा का विषय बना रहा. बताया गया कि प्रदर्शन शाम 5 बजे तक प्रस्तावित था, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण अभिजीत ने दोपहर करीब 2.30 बजे ही आंदोलन समाप्त कर दिया. प्रारंभ में उन्होंने मुंबई जाने की जानकारी दी थी, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि वह अपने माता-पिता से मिलने छत्रपति संभाजीनगर जा रहे हैं. इसके बाद वह देर रात शहर पहुंचे और रविवार तड़के करीब 4 बजे अपने घर पहुंचे.
* माता-पिता से मिलकर हुए भावुक
वालुज मेट्रोपोलिस क्षेत्र के महानगर-1 स्थित अपने निवास पर पहुंचने के बाद अभिजीत की उनके माता-पिता से मुलाकात हुई. बताया जा रहा है कि वह लगभग एक साल बाद परिवार से मिले. इस दौरान परिवार ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया.
* घर के बाहर भारी पुलिस बंदोबस्त
अभिजीत दीपके के दौरे को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. शनिवार से ही उनके घर के बाहर पुलिस तैनात थी, लेकिन रात में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई. सूत्रों के अनुसार, उनके निवास के बाहर करीब 80 पुलिसकर्मी और 10 अधिकारी तैनात किए गए थे. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, जिससे इलाका छावनी जैसा नजर आया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. माना जा रहा है कि आंदोलन को लेकर देशभर में हो रही चर्चा और उसकी संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है. फिलहाल अभिजीत दीपके के शहर प्रवास और उनके अगले कदमों को लेकर समर्थकों तथा प्रशासन दोनों की नजर बनी हुई है.

Back to top button