212 शिकायतों का मौके पर समाधान

अमरावती ग्रामीण पुलिस का शिकायत निवारण दिवस

* एसपी निकेतन कदम रहे अंजनगांव थाने में मौजूद
अमरावती /दि.8  नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार जिले के सभी पुलिस स्टेशनों में प्रत्येक शनिवार को शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया जा रहा है. इस पहल के तहत थाना प्रभारियों को नागरिकों की शिकायतें सुनकर उन पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
इसी क्रम में शनिवार, 6 जून को जिले के सभी पुलिस स्टेशनों में शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम स्वयं अंजनगांव सुर्जी पुलिस स्टेशन में उपस्थित रहे, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ ने मोर्शी पुलिस स्टेशन में नागरिकों की शिकायतें सुनीं. इसके अलावा संबंधित उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस स्टेशनों में मौजूद रहे तथा सभी थाना प्रभारी भी अपने-अपने थानों में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का निराकरण करने में जुटे रहे.
पुलिस विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शिकायत निवारण दिवस के दौरान जिलेभर में प्राप्त कुल 212 शिकायतों का समाधान किया गया. कई मामलों में नागरिकों को मौके पर ही मार्गदर्शन और राहत प्रदान की गई, जबकि अन्य शिकायतों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई. अमरावती ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस का लाभ उठाएं और अपनी समस्याएं, शिकायतें तथा अन्य कठिनाइयों को सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके. पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस पहल से नागरिकों और पुलिस के बीच संवाद मजबूत होगा तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा सकेगा.

Back to top button