अमरावती मनपा के सभी किराये के वाहनों को इलेक्ट्रिक बनाने की मांग

शिवसेना शहर प्रमुख प्रवीण हरमकर ने निगमायुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती /दि.9 – शिवसेना शहर प्रमुख प्रविण वसंतराव हरमकर ने अमरावती मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर मनपा के सभी किराये के पेट्रोल और डीजल वाहनों को चरणबद्ध तरीके से 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित करने की मांग की है.
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि वर्तमान में मनपा के विभिन्न विभागों के लिए ठेकेदारों के माध्यम से किराये पर ली गई अधिकांश गाड़ियां पेट्रोल और डीजल से संचालित हैं. इन वाहनों से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है और ईंधन तथा रखरखाव पर मनपा को हर महीने भारी खर्च वहन करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मिशन लाइफ और गो इलेक्ट्रिक अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है. वहीं महाराष्ट्र सरकार की इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2021 के अनुसार शासकीय एवं स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं को नए वाहन खरीदने अथवा किराये पर लेने के समय इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता देने का प्रावधान किया गया है. साथ ही केंद्र सरकार की फेम-2 योजना के अंतर्गत भी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए प्रोत्साहन उपलब्ध है. हरमकर ने कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, जलापूर्ति, निर्माण तथा प्रशासनिक विभागों के अधिकारी और कर्मचारी वर्तमान में पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे स्वच्छ और हरित अमरावती की संकल्पना प्रभावित हो रही है.
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की है कि भविष्य में वाहन किराये की निविदाओं में केवल 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को ही शामिल किया जाए. वर्तमान पेट्रोल-डीजल वाहनों के अनुबंध समाप्त होने के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से बंद कर इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया जाए. इसके अलावा मनपा मुख्यालय तथा सभी विभागीय कार्यालयों में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं. उन्होंने मनपा प्रशासन से इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर लिखित रूप में उपलब्ध कराने की भी मांग की है. प्रविण हरमकर ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि यह प्रस्ताव लागू किया जाता है तो अमरावती को प्रदूषण मुक्त और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने में मदद मिलेगी तथा अन्य महानगरपालिकाओं के लिए भी यह एक आदर्श उदाहरण बनेगा.

Back to top button