वर्धा नदी में नहाने गए पांच दोस्त डूबे

दो के शव बरामद; तीन की तलाश जारी

चंद्रपुर /दि.9- चंद्रपुर जिले के घुग्घुस क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में वर्धा नदी में नहाने गए पांच युवकों के डूबने की आशंका है. मंगलवार सुबह शुरू किए गए खोज अभियान के दौरान दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुग्घुस के इंदिरानगर निवासी नकुल केलझलकर (18), सन्नी आसमपेल्ली (18), सम्यक सोनटक्के (17), तन्मय पाथाडे (17) और रोहित बोबडे (19) सोमवार 8 जून को दोपहर करीब एक बजे घुग्घुस के समीप स्थित म्हातारदेवी क्षेत्र में वर्धा नदी पर नहाने के लिए गए थे. इसके बाद देर शाम तक वे घर नहीं लौटे. परिजनों ने जब युवकों के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया तो फोन की घंटी बज रही थी, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया. कुछ समय बाद मोबाइल फोन भी बंद हो गए, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश शुरू की गई.
खोजबीन के दौरान पता चला कि पांचों युवक वर्धा नदी की ओर गए थे. इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे. नदी के चांदूर घाट क्षेत्र में पांचों युवकों के कपड़े, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान मिला. इससे आशंका व्यक्त की गई कि सभी युवक नदी के गहरे पानी में डूब गए हैं. घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने घुग्घुस पुलिस थाने में युवकों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने सोमवार रात ही घटनास्थल पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी.
मंगलवार सुबह नाव की सहायता से वर्धा नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया गया. अभियान शुरू होने के कुछ ही घंटों के भीतर दो युवकों के शव अलग-अलग समय पर नदी से बरामद किए गए. दोनों शव मिलने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया.
पुलिस और बचाव दल द्वारा शेष तीन युवकों की तलाश लगातार जारी है. प्रशासन ने आशंका जताई है कि सभी युवक नदी के गहरे डोह में फंस गए होंगे. घटना की जांच की जा रही है तथा खोज अभियान को और तेज कर दिया गया है. इस हृदयविदारक हादसे से घुग्घुस और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी लोग लापता युवकों के बारे में किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए हुए हैं.

Back to top button