शिंदे गुट का पदाधिकारी एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार

10.37 लाख रुपये का माल जब्त

चंद्रपुर/दि.10 – महाराष्ट्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंद्रपुर जिले की वरोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शिवसेना (शिंदे गुट) की परिवहन सेना का जिला अध्यक्ष है. उसके कब्जे से ड्रग्स, वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 10 लाख 37 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम गौस अब्दुल हमीद सिद्दीकी (36) निवासी पद्मालय नगर के रूप में हुई है. उसके खिलाफ वरोरा पुलिस थाने में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
* गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
वरोरा पुलिस को सूचना मिली थी कि पद्मालय नगर क्षेत्र का एक व्यक्ति वाहन में अवैध रूप से एमडी ड्रग्स लेकर घूम रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन क्रमांक एमएच-34-सीएच-5757 से चार जिपलॉक पाउच बरामद किए गए. इनमें कुल 5.780 ग्राम वजन का सफेद-भूरे रंग का एमडी (मेफेड्रोन) नशीला पदार्थ मिला. पुलिस के अनुसार जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 27 हजार रुपये है.
* वाहन और मोबाइल भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का वाहन तथा 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया. इस प्रकार कुल 10 लाख 37 हजार रुपये का माल बरामद किया गया.
* एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी) और 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को यह मादक पदार्थ कहां से मिला और इसका इस्तेमाल अथवा वितरण किस उद्देश्य से किया जाना था.
इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि गिरफ्तार आरोपी का संबंध शिंदे गुट की परिवहन सेना से बताया जा रहा है. हालांकि मामले में पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

Back to top button