राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सुनेत्रा पवार भावुक
बोलीं- काश आज अजित दादा हमारे बीच होते

मुंबई/दि.10- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने भावुक संदेश जारी करते हुए दिवंगत नेता अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का स्थापना दिवस विशेष रूप से भावनात्मक है, क्योंकि पार्टी को अजित पवार की अनुपस्थिति गहराई से महसूस हो रही है।
अपने संदेश में सुनेत्रा पवार ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने शिव, शाहू, फुले, आंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण के प्रगतिशील विचारों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए 27 वर्षों का सफल सफर तय किया है।
सुनेत्रा पवार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस वर्ष स्थापना दिवस मनाते समय मन में एक अलग ही भावना है, क्योंकि आज आदरणीय अजित दादा हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सभाएं होंगी, कार्यकर्ताओं के सम्मेलन होंगे और पार्टी का झंडा पहले की तरह गर्व से लहराएगा, लेकिन हर पल एक खालीपन महसूस होगा। उनके अनुसार अजित पवार केवल पार्टी के नेता नहीं थे, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं और आम लोगों के लिए एक मजबूत सहारा थे। सुनेत्रा पवार ने कहा कि अजित पवार हमेशा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के सुख-दुख में सहभागी रहते थे। संकट के समय लोगों के साथ खड़े रहना, गलतियों पर मार्गदर्शन देना और अच्छे कार्यों की सराहना करना उनकी पहचान थी। उन्होंने लिखा कि दादा ने हमेशा इंसान को अपनी राजनीति का केंद्र बनाया। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत और पहचान थी।
* कार्यकर्ताओं से किया संकल्प लेने का आह्वान
स्थापना दिवस के अवसर पर सुनेत्रा पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अजित पवार के विचारों और कार्यों की विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेते हुए तथा यशवंतराव चव्हाण की प्रगतिशील सोच के मार्ग पर चलते हुए एक सक्षम, समृद्ध और विकसित महाराष्ट्र के निर्माण के लिए नए उत्साह के साथ कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
गौरतलब है कि जनवरी 2026 में बारामती के निकट एक विमान दुर्घटना में अजित पवार का आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद यह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का पहला स्थापना दिवस है, जिसके चलते पूरे पार्टी संगठन में भावनात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।





