बडनेरा में नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन
पार्षद अजय जयस्वाल और रजनी डोंगरे रहे उपस्थित

अमरावती /दि.11- क्रीड़ा एवं युवक सेवा संचालनालय महाराष्ट्र, जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय अमरावती, जिला एमेच्योर स्पोर्ट्स कराटे-डो एसोसिएशन, नारायणराव राणा महाविद्यालय, राजेश्वर यूनियन हाईस्कूल एवं द फाइटर स्पोर्ट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नि:शुल्क ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2026 का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. सार्वजनिक कपिल बुद्ध विहार के सभागार में आयोजित समापन समारोह में शिविरार्थियों ने कराटे, आत्मरक्षा, मर्दानी खेल, लाठी-काठी, दांडपट्टा तथा रोप स्केपिंग के आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.
कार्यक्रम में नगरसेवक अजय जायसवाल, नगरसेविका रजनी डोंगरे, राजेश्वर यूनियन हाईस्कूल के मुख्याध्यापक एस.एन. राघोर्ते, प्रा. अमोल मिलखे, प्रवीण मेश्राम, एडवोकेट सारिका साखरे, गजू सावंत तथा मुख्य प्रशिक्षक सोनल रंगारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे. अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त सभी विद्यार्थियों को जिला क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय अमरावती की ओर से प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न खेल, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के पदाधिकारी, अभिभावक, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे. सभी ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया.





