ट्रान्सपोर्ट नगर में अतिक्रमणों पर चला बुलडोजर
मनपा की नये ट्रक टर्मिनल मार्केट में कार्रवाई

* कुछ समय तक रहा तनाव, कार्रवाई के दौरान पुलिस का तगडा बंदोबस्त
अमरावती/दि.12 – शहर में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या को देखते हुए मनपा ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया है. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि, अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाने वालों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
मनपा आयुक्त के निर्देशानुसार गुरुवार को वलगांव रोड स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के नए ट्रक टर्मिनल मार्केट क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया. सुबह 11 बजे से शाम 5.30 बजे तक जेसीबी और चार ट्रकों की सहायता से कार्रवाई की गई. यहां कई दुकानदारों ने पार्किंग स्थल पर लोहे के शेड, सामान और अन्य संरचनाएं खड़ी कर अतिक्रमण कर रखा था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था. मनपा ने संबंधित दुकानदारों को पहले ही अतिक्रमण हटाने की सूचना दी थी, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं होने पर अतिक्रमण विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे हटाए. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने स्वयं भी अपने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया. अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शहर की सड़कों और फुटपाथों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किए जाने तक यह अभियान जारी रहेगा. उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील की है.
अधिकारियों ने यह भी बताया कि जल्द ही शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र कपड़ा बाजार में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. वर्तमान में शहर के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण हटाने के बाद मुख्य बाजार क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त अविनाश रघटाटे, अतिक्रमण निर्मूलन पथक प्रमुख योगेश कोल्हे, निरीक्षक अंसार अहमद, संदीप सोनवणे, समीर शाह, गाडगे नगर पुलिस स्टेशन के पीएसआई जावेद अहमद सहित पुलिस बल और अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी मौजूद थे.





