गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक रिश्वत लेते धरा गया
एसीबी दल की कार्रवाई

अमरावती/दि.13- एसीबी के दल ने शनिवार को जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक विराग आनंदराव देशमुख को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड लिया. आरोपी अधिकारियों ने उसी केंद्र से खाद के नमूने परीक्षण के लिए न भेजने तथा कुछ कंपनियों के नमूने न लेने के बदले रिश्वत की मांग की थी.
जानकारी के मुताबिक शनिवार 13 जून को एक शिकायतकर्ता ने एसीबी कार्यालय पहुंचकर दर्ज की शिकायत में बताया कि, जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक विराग आनंदराव देशमुख ने उसके कृषि केंद्र से विभिन्न कंपनियों के उर्वरकों के नमूने जांच के लिए न लेने तथा पहले से लिये गये नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में न भेजने के बदले 70 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी के दल ने मामले का सत्यापन किया. जिसमें स्पष्ट हुआ कि, आरोपी अधिकारी ने दो खाद नमूनों के संबंध में 40 हजार रुपए तथा दो अन्य कंपनियों के उर्वरकों के नमूने न लेने के लिए 70 हजार रुपए की मांग की थी. एसीबी के दल ने जाल बिछाकर आरोपी विराग देशमुख को उसकी निजी कार में शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगेहाथ पकड लिया. गाडगे नगर पुलिस स्टेशन में अधिकारी विराग देशमुख के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई एसीबी अधीक्षक बाबू बांगर, अतिरिक्त अधीक्षक सचींद्र शिंदे के मार्गदर्शन में उपअधीक्षक सुनील किनगे, निरीक्षक रवींद्र सहारे, जवान वैभव जायले तथा दत्ता वानखडे के दल ने की.





