विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण आज अमरावती पहुंचे

* पार्टी प्रत्याशी प्रवीण पोटे के प्रचार हेतु सुबह 9.30 बजे हुआ आगमन
* संक्षिप्त दौरे के तहत होटल ग्रैंड महफिल में रहा करीब 3 घंटे का मुक्काम
* आते ही जिले के सभी भाजपा विधायकों के साथ की बैठक
* जिले के विभिन्न निकायों के सभी भाजपा नगरसेवकों से भी मुलाकात की
* महायुति में शामिल घटक दलों के सभी स्थानीय नेताओं के साथ भी की विस्तृत चर्चा
* अमरावती निकाय क्षेत्र से विधान परिषद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे की जीत को सुनिश्चित करने का किया आवाहन
अमरावती /दि.15- आगामी 18 जून को अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र में विधान परिषद की सीट हेतु होने जा रहे चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे की जीत को सुनिश्चित करने हेतु आज भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण बेहद संक्षिप्त दौरे पर अमरावती पहुंचे तथा उन्होंने जिले के पांचों भाजपा विधायकों एवं विधान परिषद के चुनाव में मताधिकार प्राप्त रहनेवाले जिले के विभिन्न स्थानीय निकायों के भाजपा नगरसेवकों सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों तथा महायुति में शामिल घटकदलों के स्थानीय नेताओं व पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग दौर में चर्चा और मुलाकात की. इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण ने सभी से आवाहन किया कि वे विधान परिषद के चुनाव में अपनी जबर्दस्त एकजुटता दिखाते हुए पार्टी प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल को एक बार फिर भारी बहुमत के साथ विजयी बनाएं और लगातार तीसरी बार विधान परिषद में भेजें.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण का आज सुबह करीब 9.30 बजे बेहद संक्षिप्त दौरे पर अमरावती आगमन हुआ. विधान परिषद चुनाव में भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाए गये पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल के प्रचार हेतु अमरावती पहुंचे. भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण का अगले करीब 3 घंटे तक कैम्प परिसर स्थित होटल ग्ंैरड महफिल में मुक्काम रहा. जहां पर उन्होंने भाजपा के जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों सहित महायुति में शामिल अजीत पवार गुटवाली राकांपा, शिंदे गुटवाली शिवसेना एवं विधायक राणा के नेतृत्व वाली युवा स्वाभिमान पार्टी के स्थानीय नेताओं व पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग चरणों के तहत विस्तृत बातचीत की.
होटल महफिल में आगमन होने के साथ ही पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण सबसे पहले राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल बोंडे एवं जिले के पांचों भाजपा विधायकों प्रताप अडसड, राजेश वानखडे, उमेश उर्फ चंदु यावलकर, केवलराम काले व राजेश वानखडे तथा महापौर श्रीचंद तेजवानी व उपमहापौर सचिन भेंडे सहित पार्टी के शहराध्यक्ष डॉ. नितीन धांडे तथिा जिलाध्यक्ष रविदास देशमुख व प्रभुदास भिलावेकर से मिले. इस समय शहर व जिला ईकाईयों के महासचिवों की भी उपस्थिति रही. जिसके उपरांत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण ने राकांपा नेत्री व विधायक सुलभा खोडके, पूर्व जिप अध्यक्षा सुरेखा ठाकरे व पूर्व जिप उपाध्यक्ष संतोष महात्मे तथा शिंदे गुट वाली शिवेसना से वास्ता रखनेवाले पूर्व विधायक ज्ञानेश्वर धाने पाटिल, जिला बैंक के पूर्व अध्यक्ष व सहकार नेता सुधाकर भारसाकले तथा श्याम देशमुख व आशीष धर्माले के साथ बैठक करते हुए चर्चा की. साथ ही साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण ने युवा स्वाभिमान पार्टी के मुखिया व बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा के साथ भी विस्तार के साथ बातचीत की.
करीब डेढ घंटे तक चली इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण के समक्ष राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक सुलभा खोडके, पूर्व विधायक ज्ञानेश्वर धाने पाटिल एवं पूर्व जिप अध्यक्षा सुरेखा ठाकरे ने अपने-अपने समयोचित विचार रखते हुए विधान परिषद के चुनाव में महायुति प्रत्याशी प्रवीण पोटे को ही चुनकर लाने की गवाही दी. वहीं प्रदेशााध्यक्ष चव्हाण ने भाजपा सहित महायुति में शामिल घटक दलों के सभी नेताओं को पार्टी प्रत्याशी प्रवीण पोटे की जीत के लिए पूरी एकजुटता के साथ काम करने और अपने-अपने दलों के सदस्य मतदाताओं के वोट प्रवीण पोटे के पक्ष में ही डलवाने का आवाहन किया. इस समय पार्टी की शहर व जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों सहित प्रदेश कार्यकारिणी का हिस्सा रहनेवाले स्थानीय सदस्यों की होटल ग्रैंड महफिल में जबर्दस्त उपस्थिति रही.
* सुनिश्चित जीत को बदलना है ऐतिहासिक जीत में – रवीन्द्र चव्हाण
– इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण ने कहा कि अमरावती में विधान परिषद के चुनाव हेतु महायुति के उम्मीदवार प्रवीण पोटे की स्थिति बेहद मजबूत है और उनकी जीत लगभग सुनिश्चित है. ऐसे में अब हमें यह तय करना है कि इस बार के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे की जीत जबर्दस्त भी हो. इस बात का ध्यान रखते हुए हमें प्रत्येक मतदाता सदस्य तक अपनी पहुंच व संपर्क को बनाए रखना होगा. साथ ही मतदाता सदस्य द्बारा मतपत्रिका पर किस तरह से अपना मतदान दर्ज किया जायेगा. इस बारे में भी प्रत्येक मतदाता सदस्य को समय रहते जानकारी देनी होगी. ताकि एक भी वोट अवैध अथवा खारिज न हो. इसके अलावा भाजपा सहित महायुति में शामिल सभी घटक दलों के नेता व पदाधिकारियों को विधान परिषद के चुनाव में महायुति प्रत्याशी के जीत के लिए पूरी तरह से एकजुट होकर काम करना होगा.
* अजीत दादा की तरह हम भी जबान व शब्दों के पक्के – सुलभा खोडके
इस समय अजीत पवार गुट वाली राकांपा की नेत्री व अमरावती निर्वाचन क्षेत्र की विधायक सुलभा खोडके ने कहा कि उनकी पार्टी के नेता व दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत दादा पवार अपनी जबान के पक्के व्यक्ति थे और हम उनके द्बारा बताए गये रास्ते पर ही चलने का प्रयास कर रहे हैं. चूकि दिवंगत अजीत दादा ने महायुति में शामिल होते समय राकांपा द्बारा भाजपा को हर कदम पर साथ व सहयोग देने का वादा किया था. जिसके चलते हम अमरावती के विधान परिषद सीट के चुनाव उस वादे को निश्चित तौर पर पूरा करेंगे तथा भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे को राकांपा के प्रत्येक मतदाता सदस्य का वोट दिलवायेंगे.
* हम युति धर्म का करेंगे पालन – रवि राणा
– वहीं इस समय महायुति का घटक दल रहनेवाली युवा स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं बडनेरा निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रवि राणा ने कहा कि वे अपनी ओर से यूति धर्म को पूरी तरह निभायेंगे. अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र में होने जा रहे विधान परिषद के चुनाव में युवा स्वाभिमान पार्टी के पूरे वोट सहित युवा स्वाभिमान पार्टी से प्रेम करनेवाले सदस्यों के वोट मिलाकर 50 से अधिक वोट प्रवीण पोटे पाटिल को दिलवाये जायेंगे. साथ ही विधायक राणा ने यह भी कहा कि सीएम देवेन्द्र फडणवीस के आदेश का पालन करते हुए युवा स्वाभिमान पार्टी द्बारा इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे पाटिल की दावेदारी का समर्थन किया जा रहा है.
* चुनाव निपटने तक कोई नहीं जायेगा ‘आउट ऑफ स्टेशन’
– प्रदेशाध्यक्ष चव्हाण ने पार्टीजनों को दिया सख्त व स्पष्ट निर्देश
खास बात यह रही कि इस बैठक के दौरान प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण ने भाजपा के सभी नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों एवं मताधिकार प्राप्त जनप्रतिनिधियों को विधान परिषद का चुनाव निपटने तक अमरावती जिलें में ही रहने का स्पष्ट निर्देश दिया तथा साफ शब्दों में कहा कि अब विधान परिषद का चुनाव निपटने तक पार्टी से संबंधित कोई भी पदाधिकारी व जन प्रतिनिधि अमरावती जिले से बाहर बिल्कुल भी नहीं जायेगा.





