मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र में गुटखा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब

दो कार्रवाई में 70 लाख से अधिक का माल जब्त

अमरावती/शेगांव/दि.15 – मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. अमरावती की स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) और बुलढाणा जिले की एसडीपीओ टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया है. कई आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है.
* बुरडघाट चेकपोस्ट पर एलसीबी की दोहरी कार्रवाई
अमरावती एलसीबी को गोपनीय सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के खामला क्षेत्र से दोपहिया वाहनों के जरिए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला लाया जा रहा है. इसके आधार पर 13 जून की तड़के बुरडघाट आरटीओ चेकपोस्ट के पास नाकाबंदी की गई.
पहली कार्रवाई में पुलिस ने एक संदिग्ध दोपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली. वाहन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू बरामद किया गया. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर 92 हजार 644 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया. आरोपी की पहचान शेख मुनीर (38), निवासी परतवाड़ा के रूप में हुई है. इसके कुछ ही समय बाद उसी स्थान पर दूसरी कार्रवाई में एक अन्य दोपहिया वाहन से 260 पाउच प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए. इस मामले में 1 लाख 33 हजार 840 रुपये मूल्य का माल जब्त किया गया. पुलिस ने इमरान शाह इब्राहिम शाह और यश डांगे सहित संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि खामला (मध्य प्रदेश) से प्रतिबंधित सामग्री वरुड, शेंदुरजनाघाट और अमरावती जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी.
* शेगांव में मालवाहक वाहन से 70 लाख का गुटखा बरामद
उधर, बुलढाणा जिले के शेगांव में खामगांव उपविभागीय पुलिस अधिकारी कार्यालय की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू जब्त किया. पुलिस ने यादव बेकरी के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका. तलाशी के दौरान वाहन से 50 लाख 13 हजार 920 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल बरामद हुआ. इसके अलावा 20 लाख रुपये मूल्य का मालवाहक वाहन भी जब्त किया गया. इस प्रकार कुल 70 लाख 13 हजार 920 रुपये का माल जब्त किया गया. वाहन चालक सुरूर अहमद नूर अहमद को हिरासत में लिया गया है. मामले की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन को भेज दी गई है.
* सीमा पार तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज
लगातार हुई इन कार्रवाइयों से मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय गुटखा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस को आशंका है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की आपूर्ति लंबे समय से संगठित तरीके से की जा रही थी. दोनों मामलों में पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है.

Back to top button