18 को शहर में ‘हंसते खेलते योग’ का आयोजन
पहली बार अनूठे ढंग से होगा ‘चेयर योग’ व ‘न्यूरो योग’का अनोखा प्रशिक्षण

* जिला मराठी पत्रकार संघ व संजीवनी फाउंडेशन का संयुक्त उपक्रम, पत्रकारों सहित सभी नागरिकों के लिए खुला प्रवेश
अमरावती / दि. 15- वर्तमान समय में योगाभ्यास स्वस्थ जीवनशैली की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गया है. हालांकि, कई लोग उम्र, शारीरिक परेशानी अथवा अन्य कारणों से जमीन पर बैठकर योग नहीं कर पाते. ऐसे लोगों के लिए अमरावती में पहली बार चेयर योग (खुर्ची पर किया जाने वाला योग) और न्यूरो योग के विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. यह अनोखा कार्यक्रम गुरुवार, 18 जून को शाम 6 बजे वालकट कंपाउंड स्थित जिला मराठी पत्रकार भवन में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन संजीवनी नेचुरोपैथी, फिजियोथेरेपी योगिक साइंस फाउंडेशन तथा जिला मराठी पत्रकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है.
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक एवं विशेषज्ञ डॉ. रोमा राजेश बजाज चेयर योग और न्यूरो योग का प्रात्यक्षिक प्रदर्शन करेंगी तथा प्रतिभागियों को इसका प्रशिक्षण भी देंगी. यह आयोजन पत्रकारों, मीडिया कर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी खुला रहेगा. आयोजकों के अनुसार शाम 6 बजे से योग अभ्यास सत्र प्रारंभ होगा. कार्यक्रम में भाग लेने वाले इच्छुक व्यक्तियों से अपने साथ एक बेलन (लाटना), दुपट्टा, कपड़े की क्लिप तथा हेयर बैंड लाने का आग्रह किया गया है, जिनका उपयोग योगाभ्यास के दौरान किया जाएगा.
जिला मराठी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव सुधीर भारती व प्रफुल घवले तथा संजीवनी नेचुरोपैथी, फिजियोथेरेपी योगिक साइंस फाउंडेशन की संचालिका डॉ. रोमा राजेश बजाज ने नागरिकों से इस अभिनव चेयर योग कार्यक्रम का लाभ उठाने और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है.





