यातायात नियमों की अनदेखी से जयस्तंभ चौक पर लग रहा घंटों जाम
नागरिक परेशान, ट्रैफिक जवान नदारद

* व्यापारी समेत आम नागरिक परेशान
अमरावती/दि.16 – शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल जयस्तंभ चौक इन दिनों लगातार यातायात जाम की समस्या से जूझ रहा है. यातायात नियमों के खुलेआम उल्लंघन और प्रभावी नियंत्रण के अभाव में यहां घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का आरोप है कि जयस्तंभ चौक से कुछ ही दूरी पर कोतवाली पुलिस थाना स्थित होने के बावजूद यातायात नियमों का पालन कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के अभाव में स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है.
* रेलवे ब्रिज बंद होने से बढ़ा दबाव
राजकमल चौक स्थित रेलवे ओवरब्रिज बंद होने के कारण रेलवे स्टेशन, एसटी बस स्टैंड और शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों की ओर जाने वाले अधिकांश वाहनों का दबाव जयस्तंभ चौक पर बढ़ गया है. रेलवे स्टेशन अथवा एसटी डिपो की ओर जाने वाले वाहन मालवीय चौक और इर्विन चौक होते हुए जयस्तंभ चौक से गुजर रहे हैं. वहीं, मुख्य बाजार, राजकमल चौक और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों की ओर जाने वाले नागरिकों को भी जयस्तंभ चौक से होकर गुजरना पड़ रहा है. इससे दिनभर इस चौक पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है.
* नियम तोड़ने से बढ़ रही समस्या
यातायात नियमों के अनुसार जयस्तंभ चौक पर वाहन चालकों को निर्धारित दिशा में मुड़कर आगे बढ़ना चाहिए. लेकिन कई दुपहिया और चारपहिया वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हुए सीधे वाहन निकालने का प्रयास करते हैं. इसी वजह से विभिन्न दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और जाम की स्थिति बन जाती है. राजकमल चौक, इर्विन चौक, इतवारा बाजार और जवाहर गेट की ओर से आने वाले वाहनों का एक साथ दबाव जयस्तंभ चौक पर पड़ने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है.
* बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जाम की समस्या और गंभीर हो जाती है. सड़क किनारे खड़े वाहन, फुटपाथों पर लगी चाट और अन्य खाद्य सामग्री की गाड़ियां भी यातायात में बाधा बनती हैं. इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
* ट्रैफिक जवान तैनात करने की मांग
क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों ने शहर यातायात शाखा से मांग की है कि जयस्तंभ चौक पर स्थायी रूप से यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए. साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए. नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में यातायात जाम की समस्या और विकराल रूप ले सकती है.





