आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर पार्षद का मनपा को अल्टीमेटम

एमआईएम के पार्षद सैयद राशद अली ने सौंपा निगमायुक्त को ज्ञापन

अमरावती/दि.18 – शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों और काटने की घटनाओं को लेकर स्थानीय पार्षद सैय्यद राशद अली ने अमरावती मनपा प्रशासन को कड़ा पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा को ज्ञापन सौंपा है.
मनपा आयुक्त को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा है कि 12 जून को आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर लिखित शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. इसके कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. पत्र में उल्लेख किया गया है कि गत शनिवार को प्रभाग क्रमांक 15 क्षेत्र में दो स्कूली बच्चों को आवारा कुत्तों ने काट लिया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इसके अलावा महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों पर कुत्तों के हमलों की कई घटनाएं सामने आ रही हैं.
पार्षद राशद अली ने आरोप लगाया कि मनपा प्रशासन आवारा कुत्तों की समस्या पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है और नियंत्रण के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे स्वयं क्षेत्र से आवारा कुत्तों को पकड़कर नगर निगम कार्यालय में छोड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि कुत्तों के हमलों से कोई गंभीर घटना होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और आयुक्त की होगी. शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नागरिकों में भी चिंता बढ़ रही है. अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस चेतावनी के बाद क्या कदम उठाता है.

Back to top button