मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 150 वाहन चालकों पर कार्रवाई

डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला

अमरावती/दि.19 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज और पटाखों जैसी ध्वनि निकालने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान 150 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 1.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया तथा अवैध साइलेंसर जब्त किए गए.
पुलिस के अनुसार कुछ दोपहिया वाहन चालक, विशेषकर बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर या कट-आउट साइलेंसर लगाकर तेज आवाज उत्पन्न कर रहे थे. इससे बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी होने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ रहा था. इसी को देखते हुए अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिला यातायात शाखा, अचलपुर यातायात शाखा तथा जिले के सभी 31 पुलिस थानों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे.
4 जून से 18 जून के बीच जिला यातायात शाखा, अचलपुर यातायात शाखा और विभिन्न पुलिस थानों द्वारा जिलेभर में नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले 150 दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. साथ ही वाहनों से अवैध साइलेंसर भी जब्त किए गए. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोतेवाड़ तथा सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई.
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर उपद्रव मचाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर धारकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति बुलेट या अन्य दोपहिया वाहन में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करता है, तो उसकी जानकारी वाहन नंबर सहित पुलिस के टोल-फ्री नंबर 112 पर दें. जिला यातायात शाखा ने नागरिकों से हेलमेट पहनने, तेज रफ्तार से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी.

Back to top button