गंदगी का बहाना बनाकर लाखों का बैग उड़ाया
दो ठगों ने दंपत्ति को बनाया शिकार

अमरावती/दि.19 – जिले के दर्यापुर शहर में ठगी की एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां दो अज्ञात बदमाशों ने चालाकी से एक दंपत्ति का बैग चोरी कर लिया. बैग में 1 लाख रुपए नकद, बैंक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात रखे हुए थे.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता लोतवाडा ग्राम निवासी बजरंग पुंजाजी भदे (72) नामक वृद्ध अपनी पत्नी के साथ घर लौट रहा था. उनके पास एक बैग था. इस दम्पत्ति ने साढे 12 ग्राम सोना गिरवी रख एक लाख रुपये का कर्ज निकाला. यह पैसे, बैंक पासबुक, चेकबुक तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थैली में रखकर पैदल घर की तरफ जा रहे थे. दर्यापुर के गणपति मंदिर आयशा मंदिर के पीछे रेल पटरी के पास यह दम्पत्ति पहुंचे. तब एक अज्ञात व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को रोककर बताया कि उसकी कमीज के पीछे गंदगी लगी हुई है. शुरुआत में शिकायतकर्ता बजरंग भदे ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन बाद में पीछे देखा तो कपड़ों पर बिस्कुट जैसा पदार्थ और पानी लगा हुआ दिखाई दिया.
इसके बाद शिकायतकर्ता अपने कपड़े साफ करने के लिए रेलवे ट्रैक के पास स्थित गणपति मंदिर की सीढ़ियों पर बैग रखकर कपड़े साफ करने लगा. इसी दौरान पहले से नजर रख रहे अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर बैग उठा लिया. कुछ ही देर में उसका एक साथी मोटरसाइकिल लेकर वहां पहुंचा और दोनों आरोपी बैग लेकर फरार हो गए. जब शिकायतकर्ता ने अपना बैग तलाशा तो वह गायब मिला. बैग में रखे नकदी और जरूरी दस्तावेज भी चोरी हो गए थे. घटना के बाद शिकायतकर्ता ने दर्यापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क पर अनजान लोगों की बातों में न आएं और अपने कीमती सामान पर हमेशा नजर रखें.





