राज्यस्तरीय प्रशिक्षण में पंचों का प्रदर्शन

अमरावती/दि.20- ऑल महाराष्ट्र वुशू एसोसिएशन की मान्यता तथा अहमदनगर जिला एमेच्योर वुशू एसोसिएशन के आयोजन में शिर्डी स्थित साई पालखी निवारा, निमगांव में 12 से 15 जून के दौरान राज्यस्तरीय वुशू पंच प्रशिक्षण शिविर एवं प्रमाणपत्र परीक्षा उत्साहपूर्वक संपन्न हुई. महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के पंचों, प्रशिक्षकों तथा वुशू खेल क्षेत्र के विशेषज्ञों की उपस्थिति में आयोजित इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अमरावती जिले के प्रतिनिधियों ने शानदार प्रदर्शन किया. इस प्रशिक्षण शिविर में राज्य के लगभग 22 से 25 जिलों से 143 पंचों एवं प्रशिक्षकों ने सहभाग लिया. वुशू खेल की बदलती नियमावली के अनुसार पंचों एवं प्रशिक्षकों को अद्यतन ज्ञान तथा आगामी प्रतियोगिताओं के गुणवत्तापूर्ण आयोजन के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से शिविर का आयोजन किया गया था. जिले का नाम रोशन करने वाले पंचों में तन्मय चव्हाण, हिमांशु रावेकर, रोशनी श्रीवास्तव, अनुरूप बंगाले, जय जाधव का समावेश है. काव्या शर्मा, स्वर कोंडे तथा सोहम गवई ने भी वुशू प्रशिक्षण में सहभाग लिया. इस प्रशिक्षण शिविर के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, राष्ट्रीय पंच तथा एसजीएफआई एवं एनआईएस प्रशिक्षक लक्ष्मण उदमले के साथ सहकारी अविनाश पाटील, दीपक बिसेन, दिनेश माली ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया.

Back to top button