श्री शिवाजी शारीरिक शिक्षण महा. में उत्साह से मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

दिवंगत पूर्व विधायक प्रा. बी. टी. देशमुख को श्रद्धांजलि

अमरावती/दि. 22– स्थानीय श्री शिवाजी शारीरिक शिक्षण महाविद्यालय में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. महाविद्यालय के योग विभाग की ओर से योग हॉल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य तथा महाराष्ट्र प्राध्यापक संघ के पूर्व अध्यक्ष रहे प्रा. बी. टी. देशमुख को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए. इसके पश्चात अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम की प्रस्तावना योग मार्गदर्शक डॉ. सरोजनी उंबरकर ने प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में 21 जून को विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है तथा भारतीय योग परंपरा आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का संदेश दे रही है. डॉ. उंबरकर के मार्गदर्शन में आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया. कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. योग सत्र के दौरान खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन, पेट एवं पीठ के बल किए जाने वाले योगासन, गर्दन, कंधे, कमर और घुटनों के सूक्ष्म योगिक व्यायाम सिखाए गए. इसके अलावा प्राणायाम, ध्यान, अनुलोम-विलोम, फेफड़ों के व्यायाम तथा सूर्य नमस्कार का भी अभ्यास कराया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुभाष गावंडे ने की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की विश्व को दी गई अमूल्य देन है. स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है. उन्होंने अपने संबोधन में दिवंगत प्रा. बी. टी. देशमुख के शैक्षणिक, सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा. उनके निधन को शिक्षा जगत की अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. सरोजनी उंबरकर ने किया. योगाभ्यास के प्रात्यक्षिक बी.पी.एड. के विद्यार्थियों अभय वर्मा, नूतन दिव्या, आचल, नेहा, निलाक्षी, सुमित, शुभम, किशन ठाकुर, आयुष, कपिल, आकाश, मुनशिप, नीता तथा गौरी ने प्रस्तुत किए. इस अवसर पर आईक्यूएसी समन्वयक एवं वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. पुष्पलता देशमुख, महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.

 

Back to top button