घर के बाहर खड़े तीन वाहनों को अज्ञात बदमाशों ने लगाई आग
भुमिपुत्र कॉलोनी में देर रात की घटना

* स्कूटी जलकर खाक, दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त
अमरावती/दि.23- शहर के राजापेठ थाना क्षेत्र अंतर्गत भुमिपुत्र कॉलोनी में सोमवार देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा तीन वाहनों को आग के हवाले किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना में एक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दो अन्य दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, गजानन स्कूल के पास जुनानाय पाट रोड स्थित भुमिपुत्र कॉलोनी निवासी पियुष प्रवीण कडू (18) ने राजापेठ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, देर रात उनके घर के सामने खड़ी तीन दोपहिया वाहनों में अचानक आग लग गई. आग की चपेट में आने से स्कूटी क्रमांक एमएच-27/डीके-4330 पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि एक्टिवा एमएच-27/ईडी-3523 और यूनिकॉर्न एमएच-27/एवाय-3313 भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पुलिस को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर वाहनों में आग लगाई है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पीड़ित की शिकायत के आधार पर राजापेठ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(जी) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है.
* क्षेत्र में दहशत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
वाहनों में आगजनी की इस घटना के बाद भुमिपुत्र कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है. तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.





