असोरिया पेट्रोल पंप के पास फायरिंग व जानलेवा हमला मामले में
11 आरोपियों से पिस्तौल व तलवारों की खेप बरामद

* जप्त हथियारों में दो देशी कट्टों, तलवारों और फरसे का समावेश
अमरावती/दि.24- शहर के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में असोरिया पेट्रोल पंप के सामने हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले के मामले में पकडे गए 11 आरोपियों से की गई पुछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, चार तलवारें, तीन फरसे तथा घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. इस मामले में पुलिस की काफी बडी सफलता माना जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता शोएब अहमद एजाज अहमद (35), निवासी आजाद कॉलोनी ने उपचार के दौरान दिए बयान में बताया कि उसका सैय्यद तौसिफ सैय्यद नासिर से पुराना विवाद चल रहा था. विगत 20 जून की रात करीब 8 बजे शोएब अहमद अपने बड़े भाई अहेफाज खान और मित्र शेख राशिद के साथ सूर्या पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक पान ठेले के पास खड़ा था. इसी दौरान 4 से 6 मोटरसाइकिलों पर सवार 16 से 18 युवक वहां पहुंचे. आरोप है कि हमलावरों के हाथों में तलवारें, चाकू और देशी कट्टे थे. मुख्य आरोपी सैय्यद तौसिफ ने कथित रूप से शोएब पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, लेकिन वह झुक जाने के कारण बच गया. इसके बाद एक अन्य आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. शिकायत के अनुसार अन्य आरोपियों ने शोएब के भाई और उसके मित्र पर भी तलवार और चाकू से हमला करने का प्रयास किया. दोनों किसी तरह वहां से भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई. घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदार भय के कारण अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए. घायल शोएब को परिचितों द्वारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसके बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया.
इस घटना को लेकर मिली शिकायत तथा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों और एक विधि संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सुफियान बेग अनवर बेग, वसीम खान शफी खान, अरबाज खान अहेफाज खान, सैय्यद तौसिफ सैय्यद नासिर, शेख परवेज शेख सादिक सहित अन्य आरोपी शामिल हैं. सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 25 जून तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है. पुलिस पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपियों से घटना में इस्तेमाल किए गए दो देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, चार तलवारें, तीन फरसे तथा तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुघे तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर के मार्गदर्शन एवं नागपुरी गेट थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर कोटनाके के नेतृत्व में पीआय जनार्दन सालुंके, पीएसआय विकास मनपीया, डिबी पथक प्रमुख पोहेकां. मल्लीक अहमद, दिनेश नांदे, दानेश शेख, राहुल रोडे, सागर पंडीत, विक्रम नशिबकर, शशिकांत गवई व आसिफ शेख की टिम व्दारा की गई.