‘उन’ छह सांसदों के आने से शिंदे गुट को मिलेगी नई ताकद
सभी सांसदों को डेप्युटी सीएम शिंदे दुबारा जिताकर लायेंगे

* अमरावती दौरे पर उद्योग मंत्री उदय सामंत ने किया दावा
अमरावती /दि.26- शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) से अलग होकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए छह सांसदों के राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी एकनाथ शिंदे का जनाधार मजबूत है और वे इन सभी सांसदों को आगामी चुनाव में निश्चित रूप से विजयी बनाकर लाएंगे. अमरावती दौरे पर पहुंचे उदय सामंत ने स्थानिय रहाटगांव रोड स्थित होटल गौरी इन में शिवसेना पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब एकनाथ शिंदे ने शिवसेना में बगावत की थी, तब उन्होंने दावा किया था कि उनके साथ बड़ी संख्या में विधायक आएंगे और महायुति को प्रचंड बहुमत मिलेगा. आज उनके नेतृत्व में शिवसेना की ताकत लगातार बढ़ रही है.
बता दे कि, हाल ही में उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसद ओमराजे निंबालकर, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, संजय दिना पाटील, संजय देशमुख और नागेश पाटील आष्टीकर शिवसेना के शिंदे गुट में शामिल हुए हैं. इस घटनाक्रम को लेकर मंत्री सामंत ने कहा कि इन सांसदों ने जनता की भावना और विकास की राजनीति को देखते हुए निर्णय लिया है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में ये सभी सांसद आगामी चुनाव में पुनः निर्वाचित होंगे.
* उद्धव ठाकरे के विदर्भ दौरे पर भी साधा निशाना
मंत्री उदय सामंत ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के विदर्भ दौरे पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि यदि ठाकरे ने पहले राज्यभर का दौरा किया होता तो शायद संगठन को लाभ मिलता, लेकिन अब अधिकांश नेता और जनप्रतिनिधि पार्टी छोड़ चुके हैं. ऐसे में उनके दौरे का कोई विशेष प्रभाव दिखाई नहीं देगा. उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी के घटक दलों के बीच समन्वय का अभाव है और नेतृत्व को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है. इसके विपरीत महायुति और शिंदे नेतृत्व वाली शिवसेना लगातार मजबूत हो रही है.
* पार्टी में आने वालों का स्वागत
शिवसेना में अन्य दलों के जनप्रतिनिधियों के संभावित प्रवेश पर सामंत ने कहा कि यदि कोई विधायक या जनप्रतिनिधि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में काम करना चाहता है, तो उसका स्वागत किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में शिंदे नेतृत्व के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और आने वाले समय में शिवसेना का संगठन और अधिक विस्तार करेगा. अमरावती दौरे के दौरान उदय सामंत ने संगठनात्मक मजबूती, आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी तथा महायुति सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन दिया.





