फंड के नाम पर 51 लाख की ठगी

संस्था को 2 करोड का फंड दिलाने का दिया झांसा, पैसा लेने के बाद आरोपी फरार

* दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज
दर्यापुर /दि.28– दर्यापुर में एक संस्था को कार्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड दिलाने का झांसा देकर 51 लाख रूपये धोखाधडी किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधडी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता भास्कर झिंगुजी खारोडे (65) अभिलाषा टेक्निकल इंस्टीट्यूट के संचालक तथा राजेश्वर ग्राम विकास संस्था से जुडे है. शिकायत में उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनकी संस्था को कंपनी के सीएसआर फंड के लिए पात्र बताते हुए भरोसा दिलाया कि यदि संस्था आवश्यक राशि जमा करेगी तो उसके खाते में 2 करोड रूपये का सीएसआर फंड उपलब्ध कराया जाएगा. आरोपियों ने यह भी कहा कि सीएसआर फंड का स्लॉट बुक कराने के लिए पहले भुगतान करना आवश्यक है. इसी बहाने 9 जून को शिकायतकर्ता से 50 हजार रूपये लिए गए. इसके बाद अलग-अलग कारण बताकर लगातार पैसे लिये गये. शिकायत के अनुसार एक आरोपी हाथ धोने का बहाना बनाकर वहां से चला गया और फिर वापिस नहीं लौटा. पीडित का आरोप है कि, इस पूरे घटनाक्रम में उसके साथ कुल 51 लाख रुपए की धोखाधडी की गई. शिकायत के आधार पर दर्यापुर पुलिस ने पालघर निवासी आकाश प्रल्हाद नायब तथा नवी मुंबई निवासी अरुण वाघमारे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button