अंजनगांव सुर्जी में पल्स पोलिओ टीकाकरण अभियान

अभिभावको ने बच्चों के साथ केंद्रों पर पहुंचकर दिया प्रतिसाद

अंजनगांव सुर्जी /दि.29 – शहर के विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर बडे उत्साह के साथ राष्ट्रीय पल्स पोलिओ टीकाकरण अभियान चलाया गया. जिसमें पांच वर्ष से कम आयु वाले बच्चों को पोलिओ रोधी वैक्सीन की दो बूंदे पिलाकर उन्हें पोलिओ जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया. शहर के शासकीय अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनवडी, विद्यालय तथा निर्धारित केंद्रों पर सुबह से ही बडी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ पहुंचकर अभियान को उत्कृष्ट प्रतिसाद दिया.
टीकाकरण केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सेस, आशा सेविका, आंगनवाडी सेविका तथा स्वयंसेवकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की. प्रत्येक बच्चे का पंजीकरण कर सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में टीकाकरण किया गया. कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरती.
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों को पोलिओ टीकाकरण का महत्व समझाते हुए कहा कि, पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे के लिए पोलिओ की दो बूंदे अत्यंत आवश्यक है. भारत ने पोलिओ मुक्त देश के रुप में जो सम्मान प्राप्त किया है, उसे बनाए रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस अभियान में सहभाग लेना चाहिए. शहर के अनेक केंद्रों पर अभिभावकों ने स्वेच्छा से अपने बच्चों को टीकाकरण के लिए लाकर इस अभियान को सफल बनाया.
शहर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए गए जनजागरण अभियान के कारण नागरिकों में टीकाकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण दिखाई दिया. जिन बच्चों का टीकाकरण किसी कारणवश नहीं हो पाया है, उसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमे घर-घर जाकर टीकाकरण सुनिश्चित करेगी. पोलिओ मुक्त भारत के लक्ष्य को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक बच्चे तक टीकाकरण पहुंचाना समय की आवश्यकता है, ऐसा मत नागरिकों ने व्यक्त किया. शहर में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न होने पर स्वास्थ्य विभाग की प्रभावी योजना, कर्मचारियों के समर्पण और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सर्वत्र सराहना की जा रही है.

Back to top button