फायर सेफ्टी नोटिस पर मार्गदर्शन व सहयोग की मांग
निजी कोचिंग क्लासेस संघर्ष समिति ने महापौर को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.30- अमरावती जिला निजी कोचिंग क्लासेस संघर्ष समिति ने अमरावती मनपा द्वारा कोचिंग क्लासेस को जारी की गई फायर सेफ्टी नोटिस के संबंध में मार्गदर्शन एवं सहयोग की मांग को लेकर महापौर को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में समिति ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं. हालांकि शहर के अधिकांश कोचिंग क्लास किराये की इमारतों में संचालित हो रहे हैं, जहां अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कई व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भवन मालिकों की होती है. ऐसे में सभी नियमों का तत्काल पालन करना आर्थिक और तकनीकी दृष्टि से कठिन है. समिति ने बताया कि यदि इस संबंध में सकारात्मक समाधान नहीं निकाला गया तो विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है तथा शिक्षकों और कर्मचारियों के रोजगार पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए प्रशासन से व्यावहारिक और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की अपील की गई. संघर्ष समिति ने मांग की कि छोटे एवं मध्यम स्तर के कोचिंग क्लासेस को फायर ऑडिट से छूट देकर केवल अग्निशामक यंत्र लगाने की अनुमति दी जाए. साथ ही आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपायों को पूरा करने के लिए समय-सीमा बढ़ाने, भवन मालिकों एवं कोचिंग संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित करने, व्यवहारिक कार्यप्रणाली तय करने तथा कठोर कार्रवाई से पहले पर्याप्त अवसर देने की भी मांग की गई.
महापौर ने समिति का ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ उनका शैक्षणिक हित भी उतना ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने आश्वासन दिया कि कोचिंग क्लासेस की समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा. इस विषय पर संबंधित अधिकारियों, अग्निशमन विभाग, प्रशासन, भवन मालिकों तथा कोचिंग क्लास प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर सभी पक्षों के लिए व्यवहारिक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा. महापौर ने यह भी भरोसा दिलाया कि नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी तथा छोटे और मध्यम स्तर के कोचिंग क्लासेस को न्याय दिलाने के लिए मनपा आवश्यक सहयोग करेगी.