अब फोन नहीं, सीधे गोली चलेगी
कांग्रेस विधायक साजिद पठान को फिर मिली बिश्नोई गैंग की धमकी,

* सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडीओ क्लिप, जानकारी सामने आते ही विधानसभा में मचा हंगामा
मुंबई/दि.2- महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस के अकोला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक साजिद खान पठान को एक बार फिर कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. धमकी का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है और यह मुद्दा विधानसभा में भी जोरदार तरीके से उठाया गया.
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे कांग्रेस नगरसेवक आकाश कावड़े को एक फोन कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए विधायक साजिद पठान को धमकी दी. फोन पर कथित रूप से कहा गया कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
* वायरल ऑडियो से बढ़ी सनसनी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित ऑडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति कहता सुनाई दे रहा है, साजिद खान को यह आखिरी चेतावनी है. सेटलमेंट के लिए अभी भी समय है. पैसों की व्यवस्था कर लो, नहीं तो मौत के लिए तैयार रहो. पहले भी फोन किया था, अब फोन नहीं आएगा, सीधे गोली आएगी. पुलिस ने ऑडियो की सत्यता की जांच शुरू कर दी है. मामले की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी.
* विधानसभा में गूंजा मामला
धमकी की घटना का मुद्दा विधानसभा में भी जोर-शोर से उठा. कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार और वरिष्ठ नेता नाना पटोले ने सरकार से जवाब मांगते हुए कहा कि जब एक विधायक को बार-बार धमकियां मिल रही हैं, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. नाना पटोले ने कहा कि सरकार ने पहले भी कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद दोबारा धमकी मिलना चिंता का विषय है. वहीं विजय वडेट्टीवार ने विधायकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए.
* सरकार ने दिए जांच के आदेश
राज्य सरकार की ओर से मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी. आवश्यकता पड़ने पर विधायक साजिद पठान की सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी.
* साजिद पठान का भावुक बयान
विधानसभा में बोलते हुए विधायक साजिद खान पठान ने कहा कि वह धमकियों से डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने बताया कि पहली बार धमकी मिलने पर मुख्यमंत्री ने स्वयं उनसे संपर्क कर जानकारी ली थी. पठान ने कहा, यदि कल बाबा सिद्दीकी की तरह मेरी भी हत्या हो जाए, तो मेरे क्षेत्र के मंदिर के लिए जो निधि मैंने मांगी है, उसे मंजूर कर दिया जाए. जनता के काम पूरे होने चाहिए.
* सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद राज्य में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है. हाल के दिनों में बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों और राजनीतिक व्यक्तियों को धमकियां मिलने की कई घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे में साजिद पठान को मिली ताजा धमकी ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है.