एमआईएम की आशिया अंजुम वसीद खां बनी पश्चिम जोन-5 की सभापति

चुनाव निर्विरोध हुए, पीठासीन अधिकारी के रुप में जिलाधीश आशीष येरेकर ने काम संभाला

अमरावती/दि.2 – अमरावती मनपा के पश्चिम जोन क्रमांक-5 के जोन सभापति के लिए गुरुवार 2 जुलाई को सुबह 11 बजे स्व. सुदामकाका देशमुख सभागृह में चुनाव संपन्न हुए. इस चुनाव में एमआईएम की नगरसेविका आशिया अंजुम वहीद खां का जोन सभापति पद पर निर्विरोध चयन हुआ.
चुनाव प्रक्रिया में जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने पीठासीन अधिकारी के रुप में काम देखा. एमआईएम की नगरसेविका आशिया अंजुम का निर्विरोध चयन की घोषणा होने के बाद जिलाधिकारी आशीष येरेकर ने उनका पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया. इस अवसर पर एमआईएम के गट नेता शेख हमीद शेख वाहेद, नगरसेवक अहेमद शाह इकबाल शाह सलाउद्दीन इकरामोद्दीन, डॉ. संजय शिरभाते, सैयद राशद अली सैयद शौकत अली, कुबरा बानो करामत अली, श्रीमती शाह अफसर जहा सादिक, श्रीमती शाह बीबी बतुल ताहेर, डॉ. मरियम बानो मोहम्मद इस्माइल रारानी समेत उपस्थित नगरसेविक व नगरसेविकाओं ने नवनिर्वाचित जोन सभापति का अभिनंदन कर शुभेच्छा दी. साथ ही अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, उपायुक्त योगेश पीठे ने भी नवनिर्वाचित जोन सभापति को शुभेच्छा दी.
* अप्रैल माह में देरी से पहुंचने पर हुआ था चुनाव स्थगित
अमरावती मनपा के 5 जोन सभापति के चुनाव 29 अप्रैल को हुए थे. लेकिन उस समय एमआईएम की उम्मीदवार के रुप में आशिया अंजुम का नामांकन दाखिल करने में देरी होने से जोन-5 का चुनाव नहीं हो पाया था. उस समय 4 जोन के सभापति का निर्विरोध चयन हुआ था. आशिया अंजुम वहीद खां का भी निर्विरोध चयन होना निश्चित था. लेकिन नामांकन दाखिल करने का समय पूर्ण हो जाने के बाद वे मनपा कार्यालय पहुंची थी. इस कारण जोन 5 भाजीबाजार के सभापति का चुनाव स्थगित किया गया था. पश्चात विधान परिषद चुनाव की आचार संहिता लागू रहने से चुनाव की यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पायी थी, जो आज पूर्ण हुई.

Back to top button