5 को पार्षद रतन डेंडुले के जन्मदिन पर मनेगा सेवा का उत्सव

जरूरतमंद महिलाओं को वितरित होंगी सिलाई मशीनें

* अंबागेट स्थित शिवशक्ति मंदिर में होगा भव्य अभिष्टचिंतन समारोह
* कई दिग्गज जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद, आयोजन की जमकर चल रही तैयारियां
अमरावती/दि.3- समाजसेवा, जनसंपर्क और विकास कार्यों के लिए पहचान रखने वाले अमरावती महानगरपालिका के प्रभाग क्रमांक 13 अंबापेठ-गौरक्षण के मनपा पार्षद रतन पहलवान डेंडुले के जन्मदिन के अवसर पर 5 जुलाई को भव्य अभिष्टचिंतन समारोह एवं सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. इस अवसर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की जाएंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें.
समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव व विधान परिषद सदस्य संजय खोडके करेंगे तथा कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री व विधायक प्रवीण पोटे पाटील एवं बच्चू कडू उपस्थित रहेंगे. जबकि प्रमुख अतिथियों में विधायक सुलभा खोडके, मनपा के स्थायी समिती सभापती अविनाश मार्डीकर, राकांपा के युवा नेता एवं शोध प्रतिष्ठान के अध्यक्ष यश खोडके, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शहराध्यक्ष प्रशांत डवरे, महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे तथा मनपा के सभागृह नेता चेतन गावंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे.
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम रविवार, 5 जुलाई 2026 को रात्रि 8 बजे शिवशक्ति मंदिर में आयोजित किया जाएगा. समारोह में नगरसेवक रतन पहलवान डेंडुले के सामाजिक, शैक्षणिक और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा तथा नागरिकों द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा. इसके साथ ही महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. आयोजकों ने बताया कि पार्षद रतन पहलवान डेंडुले लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं. उनके जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाजोपयोगी कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी महिलाओं के सशक्तिकरण का संकल्प लिया गया है. कार्यक्रम के माध्यम से अनेक महिलाओं को स्वरोजगार का साधन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने कौशल का उपयोग कर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन सकें.
कार्यक्रम के आयोजन में अनिल शिरभाते, आयुष डेंडुले तथा आयोजक समिति के सदस्य गोपाल यादव, समीर पाचकवडे, सागर शिरभाते, बाबू यादव, नितेश शर्मा, उमेश पारोलकर एवं शिवशक्ति मंदिर मित्र परिवार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम को सफल बनाएं और महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास में सहभागी बनें. कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों एवं नागरिकों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है.

Back to top button