15 जुलाई से बडनेरा-नासिक रोड मेमू ट्रेन के 134 फेरे बढ़ेंगे

मध्य रेल का फैसला, यात्रियों को मिलेगी राहत

अमरावती/दि.6- मध्य रेल ने अमरावती और विदर्भ के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बडनेरा-नासिक रोड अनारक्षित मेमू ट्रेन क्रमांक 09211/09212 के फेरों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है. 15 जुलाई से इस ट्रेन की सेवाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को सितंबर तक विशेष राहत मिलेगी.
बडनेरा-नासिक रोड मेमू सुबह 10.05 बजे बडनेरा से रवाना होकर शाम 7.05 बजे नासिक रोड पहुंचती है, जबकि वापसी में यह ट्रेन रात में नासिक रोड से चलकर सुबह 4.35 बजे बडनेरा पहुंचती है. यह ट्रेन मजदूरों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और श्रद्धालुओं के लिए बेहद उपयोगी मानी जाती है. श्रावण माह शुरू होने के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्र्यंबकेश्वर मंदिर और श्री गजानन महाराज मंदिर के दर्शन के लिए यात्रा करते हैं. ऐसे में अनारक्षित मेमू सेवा उनके लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी. यह ट्रेन बडनेरा, मुर्तिजापुर, अकोला, नंदुरा, मलकापुर और अन्य छोटे स्टेशनों पर रुकती है, जिससे दैनिक यात्रियों को भी लाभ मिलेगा. सड़क मार्ग की तुलना में यह ट्रेन कम समय में गंतव्य तक पहुंचाती है, इसलिए यात्रियों के लिए यह अधिक सुविधाजनक मानी जा रही है.

Back to top button