15 जुलाई से शुरू होंगे राज्यभर में 11वीं के नियमित वर्ग

प्रवेश प्रक्रिया को मिली रफ्तार, 14.73 लाख विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

* 10.73 लाख ने प्रवेश किया सुनिश्चित; भारी बारिश के कारण प्रवेश पुष्टि की तिथि 8 जुलाई तक बढ़ाई गई
पुणे/दि.8- महाराष्ट्र शासन के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा संचालनालय ने राज्य के सभी कनिष्ठ महाविद्यालयों और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं के नियमित वर्ग 15 जुलाई 2026 से शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं. शिक्षा संचालक डॉ. महेश पालकर ने इस संबंध में सभी विभागीय शिक्षा उपसंचालकों, शिक्षा अधिकारियों तथा महाविद्यालय प्राचार्यों को आदेश जारी कर समय पर अध्यापन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
जारी आदेश के अनुसार राज्य मंडल से संबद्ध सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों और कनिष्ठ महाविद्यालयों में 15 जुलाई अथवा उससे पहले प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर नियमित कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी. संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित तिथि से शिक्षण कार्य सुचारु रूप से शुरू हो जाए.
* अमरावती विभाग में 31 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सीट आवंटन
विशेष फेरी-1 में अमरावती विभाग के 31,360 विद्यार्थियों को प्रवेश आवंटित हुआ. वहीं छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 44,939, कोल्हापुर में 47,435, लातूर में 23,703, मुंबई में 90,036, नागपुर में 34,536, नाशिक में 43,218 तथा पुणे विभाग में 77,466 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गईं.
* 14.73 लाख विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण
कक्षा 11वीं की केंद्रीय ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया को विद्यार्थियों का व्यापक प्रतिसाद मिला है. शिक्षा संचालनालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्यभर में 14 लाख 73 हजार 420 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 10 लाख 73 हजार 978 विद्यार्थियों ने अपने प्रवेश की पुष्टि कर दी है. विशेष प्रवेश फेरी-1 के लिए 4 लाख 84 हजार 865 विद्यार्थियों ने आवेदन का भाग-1 और भाग-2 अंतिम रूप से लॉक किया था. इनमें से 3 लाख 92 हजार 693 विद्यार्थियों को 3 जुलाई को सीट आवंटित की गई.
* 3.24 लाख विद्यार्थियों ने प्रवेश किया सुनिश्चित
7 जुलाई तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 3 लाख 24 हजार 102 विद्यार्थियों ने अपने प्रवेश की पुष्टि कर दी है. इनमें से 3 लाख 12 हजार 983 विद्यार्थियों ने केंद्रीय प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से तथा 11 हजार 119 विद्यार्थियों ने विभिन्न कोटा श्रेणियों जैसे इन-हाउस, प्रबंधन एवं अल्पसंख्यक कोटा के तहत प्रवेश प्राप्त किया है. अमरावती विभाग में 28,413, छत्रपति संभाजीनगर में 40,118, कोल्हापुर में 41,691, लातूर में 21,587, मुंबई में 57,404, नागपुर में 32,639, नाशिक में 37,501 तथा पुणे विभाग में 64,749 विद्यार्थियों ने प्रवेश सुनिश्चित किया है.
* अतिवृष्टि के कारण बढ़ाई गई अंतिम तिथि
शिक्षण संचालनालय ने बताया कि विशेष फेरी-1 में सीट प्राप्त विद्यार्थियों को 3 जुलाई से 6 जुलाई तक प्रवेश सुनिश्चित करने का समय दिया गया था. हालांकि राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और शैक्षणिक संस्थानों में घोषित अवकाश को देखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश पुष्टि की अंतिम तिथि बढ़ाकर 8 जुलाई 2026 कर दी गई है.
* विशेष फेरी-2 का कार्यक्रम भी जारी
शिक्षा विभाग ने विशेष फेरी-2 (रिक्त सीटों के लिए विशेष चरण) का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है. विद्यार्थियों, अभिभावकों और कनिष्ठ महाविद्यालयों के प्राचार्यों से समय-सारिणी का पालन करने तथा प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने की अपील की गई है.
* हेल्पलाइन और पोर्टल उपलब्ध
विद्यार्थी एवं अभिभावक प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए अधिकृत पोर्टल महाफायजेसी एडमिशन पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इसके अलावा सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8530955564 के साथ ही ई-मेल का पर्याय भी उपलब्ध कराया गया है. शिक्षा विभाग ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि 15 जुलाई से नियमित कक्षाएं प्रारंभ कर विद्यार्थियों के शैक्षणिक सत्र को बिना किसी विलंब के गति दी जाए.

Back to top button