प्राथमिकता तय कर पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देंगे

* रविवार को अवकाश के दिन सभाला पदभार, पत्रकारो से किया संवाद
अमरावती/दि.13– अमरावती महानगरपालिका के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने रविवार को पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर प्रशासनिक कार्यों में प्राथमिकता, पारदर्शिता और कार्यकुशलता पर विशेष जोर दिया. इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से भी संवाद किया.
डॉ. गोंदावले ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि प्रत्येक कार्य की स्पष्ट प्राथमिकता तय करना आवश्यक है. यदि कार्यों की प्राथमिकता सही ढंग से निर्धारित की जाएगी, तभी अपेक्षित परिणाम प्राप्त होंगे और प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि मुख्य कार्यों की उपेक्षा कर अन्य कार्यों में उलझने से शिकायतें और प्रशासनिक समस्याएं बढ़ती हैं, इसलिए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन में कार्य करते समय अधिकारियों और कर्मचारियों में जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना होना जरूरी है. नागरिकों की समस्याओं को समझकर उनका समयबद्ध समाधान करना ही प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
पत्रकारों से बातचीत के दौरान आयुक्त ने कहा कि मीडिया समाज का महत्वपूर्ण स्तंभ है और पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मकता का वातावरण भी तैयार करना होना चाहिए. उन्होंने कहा कि समाचारों में सभी पक्षों को स्थान मिलना चाहिए, ताकि नागरिकों के सामने संतुलित और तथ्यपरक जानकारी पहुंचे. डॉ. गोंदावले ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, कर्मचारियों और मीडिया के समन्वय से अमरावती शहर के विकास कार्यों को अधिक गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
* पूर्व आयुक्त वर्षा लढ्ढा से लिया पदभार
अमरावती मनपा के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने रविवार को आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया. उन्होंने पूर्व आयुक्त वर्षा लढ्ढा से कार्यभार संभालते हुए शहर के सर्वांगीण, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्ध रहने का भरोसा दिलाया. पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. गोंदावले ने कहा कि अमरावती के विकास को गति देने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वय से कार्य किया जाएगा. महानगरपालिका के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने तथा प्रशासन में पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के साथ-साथ नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितैषी प्रशासन देने का प्रयास किया जाएगा. इस अवसर पर पूर्व आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने अपने कार्यकाल के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि महानगरपालिका की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समन्वय, जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें.





