छह दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद घायल दीपक टेकन की मौत

आरोपियों पर अब हत्या का मामला दर्ज होगा

* लोणी के कास्तकार बार के पास पैसे देने से इंकार करने पर युवकों ने किया था हमला
अमरावती/दि.11- लोणी स्थित कास्तकार बार के सामने हुए जानलेवा चाकू हमले में गंभीर रूप से घायल दीपक उर्फ मुन्ना टेकन की उपचार के दौरान मौत हो गई. वह पिछले छह दिनों से अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे. उनकी मौत के बाद पुलिस अब मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला जोड़कर आगे की जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले लोणी क्षेत्र में कास्तकार बार के सामने पुराने विवाद अथवा मामूली कहासुनी के चलते दीपक टेकन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी. चिकित्सकों की टीम उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी. करीब छह दिनों तक इलाज के बावजूद दीपक की हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. उनकी मौत की खबर से लोणी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस मामले में पुलिस ने पहले जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया था. अब पीड़ित की मौत के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तेज कर रही है. फरार एवं अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है. वहीं, ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है.

Back to top button