हफ्ता देने से इंकार करने पर ट्रान्सपोर्ट व्यवसायी पर चाकू से हमला
गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी चौक की घटना

* पुलिस ने दो युवकों पर किया मामला दर्ज
अमरावती/दि.13 – व्यवसाय चलाने के लिए दो बदमाशों द्वारा हफ्ता देने की मांग का विरोध करने पर उपजे विवाद के चलते एक 45 वर्षीय ट्रान्सपोर्ट व्यवसायी पर चाकू से जानलेवा हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया गया. यह सनसनीखेज घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र के नवसारी चौक की एक चाय कैटीन पर शनिवार की शाम 7.30 बजे के दौरान घटित हुई. जख्मी के शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की है. हमले में घायल व्यापारी का नाम नितेश रमेशराव तायवाडे है. जबकि आरोपियों के नाम गवलीपुरा निवासी फैजू (25) और धर्मकाटा परिसर निवासी शाहरुख (26) है.
जानकारी के मुताबिक व्यापारी नितेश तायवाडे का रतनगंज में राजस्थान ट्रान्सपोर्ट है. बताया जाता है कि, शनिवार 11 जुलाई की शाम 7.30 बजे के दौरान नितेश ट्रान्सपोर्ट की दुकान में बैठा था. वह चाय पीने के लिए आप्पा की कैटीन पर गया, तब वहां अचानक फैजू और शाहरुख नामक दोनों आरोपी पहुंचे. उन्होंने नीतेश से कहा कि, उन्हें व्यवसाय चलाने के लिए हफ्ता देना पडेगा. यह बात सुनकर नितेश ने हफ्ता देने से इंकार कर दिया. तब दोनों युवक वहां से चले गये. कुछ समय बाद फिर से दोनों युवकों ने आकर व्यापारी नितेश तायवाडे से धक्का-मुक्की शुरु की. इस विवाद के चलते फैजू ने चाकू निकालकर व्यापारी नितेश पर वार कर दिया. इस हमले में नितेश तायवाडे गंभीर रुप से घायल हो गया. पश्चात आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर मोहल्ले में आकर परेशान करने और गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी. शिकायत के आधार पर गाडगे नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 118 (2), 115 (2), 352, 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





