अमरावती में दो कैफे पर पुलिस की छापेमारी

आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप में 11 लोगों पर कार्रवाई

अमरावती /दि.14– शहर के बडनेरा रोड और साईनगर क्षेत्र में संचालित दो कैफे पर सोमवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आपत्तिजनक गतिविधियों का खुलासा किया. दामिनी स्क्वाड और राजापेठ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कैफे संचालकों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. यह कार्रवाई कैफे इटालिया और कैफे बर्गर बैंड पर कार्रवाई की गई.
जानकारी के मुताबिक बडनेरा रोड स्थित कैफे इटालिया में विशेष रूप से बनाए गए बंद केबिनों में युवाओं को एकांत उपलब्ध कराया जा रहा था. आरोप है कि इन केबिनों के उपयोग के लिए 250 रुपये प्रति घंटे की दर से शुल्क लिया जाता था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद पांच युवक-युवतियों के जोड़ों को हिरासत में लिया तथा कांग्रेस नगर निवासी कैफे संचालक अमोल सूर्यवंशी (36) के खिलाफ मामला दर्ज किया. यह कार्रवाई भरोसा सेल की प्रभारी पुलिस निरीक्षक ज्योति विलेकर, एपीआई मेघाली गवांडे और दामिनी टीम ने गश्त के दौरान की. इसी दिन राजापेठ पुलिस ने साईनगर स्थित कैफे बर्गर ब्रांड पर भी छापा मारा. पुलिस के अनुसार, यहां भी चार युवक-युवतियों के जोड़े आपत्तिजनक स्थिति में मिले. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी संदीप चव्हाण के मार्गदर्शन में एपीआई नितिन शिंदे और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की.
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए अधिकांश युवक-युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. वहीं, दोनों कैफे संचालकों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई जारी है. भरोसा सेल की प्रभारी ज्योति विलेकर ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112, 1091 या 1098 हेल्पलाइन पर दें.

Back to top button