अमरावती में तीन महीने का राशन एक साथ मिलेगा

5.29 लाख राशन कार्डधारकों को राहत

अमरावती/दि.14- मानसून के दौरान परिवहन और वितरण संबंधी संभावित समस्याओं को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जिले के पात्र लाभार्थियों को अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह का राशन एक साथ अग्रिम रूप से उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. इस फैसले से जिले के करीब 5.29 लाख राशन कार्डधारकों को राहत मिलेगी.
जिला आपूर्ति अधिकारी प्रज्ज्वल पाथरे ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार तीन माह का राशन 31 अगस्त तक वितरित किया जाना है. इसके लिए भारतीय खाद्य निगम के गोदामों को अवकाश के दिनों में भी संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनाज की आपूर्ति में कोई बाधा न आए. विभाग का मानना है कि बारिश के मौसम में दूर-दराज के क्षेत्रों में परिवहन प्रभावित होने की संभावना रहती है. ऐसे में एक साथ तीन महीने का राशन मिलने से लाभार्थियों को बार-बार राशन दुकान के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और वितरण व्यवस्था भी सुचारु रहेगी. आपूर्ति विभाग ने परिवहन ठेकेदारों को समय पर अनाज उठाने के निर्देश दिए हैं. यदि वाहनों की कमी या लापरवाही के कारण वितरण में देरी होती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जिले में अंत्योदय योजना के तहत 1 लाख 30 हजार 653 राशन कार्डधारक तथा 4 लाख 83 हजार 898 लाभार्थी हैं. वहीं प्राथमिकता श्रेणी में 3 लाख 98 हजार 899 राशन कार्डधारक और 15 लाख 86 हजार 630 लाभार्थी शामिल हैं.
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाभार्थियों को वितरित किए जाने वाले अनाज की गुणवत्ता की जांच के बाद ही वितरण किया जाएगा. साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ई-पीओएस प्रणाली पर प्रतिदिन जानकारी अपडेट की जाएगी. जिला आपूर्ति अधिकारी प्रज्ज्वल पाथरे ने बताया कि राशन दुकानों को तीन महीने का अनाज सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त भंडारण व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

Back to top button