नवसारी चौक स्थित वेलकम कार डेकोर में भीषण आग

शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका

अमरावती/दि.16– शहर के नवसारी चौक स्थित वेलकम कार डेकोर की दुकान में बुधवार की रात अचानक भीषण आग लग गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी. इस आग से लाखो रुपए का नुकसान होने का अनुमान है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नवसारी के वेलकम कार डेकोर में रात के समय धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने भीषण रुप धारण कर लिया. रात के समय बंद दुकान से आग निकलती देख मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों में अफरतफरी मच गई. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. गाडगे नगर पुलिस भी जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच गई. इस दौरान किसी ने दमकल विभाग को सूचित किया.सूचना मिलते ही अग्निशमन दल घटनास्थल आ पहुंचा. दुकान संचालक भी वहां पहुंच गये. अथक प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया. लेकिन इस भीषण आग से दुकान में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. समय पर अग्निशमन दल घटनास्थल पहुंचने से और आग को नियंत्रित किये जाने से आसपास की दुकानों को क्षति नहीं पहुंची. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, दुकान को हुए आर्थिक नुकसान का अभी आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है. फिर भी लाखों रुपयों का नुकसान होने का अनुमान है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है.

Back to top button