भालू के हमले में किसान घायल, बाल-बाल जान बची

धारणी तहसील के कुंड गांव की घटना

धारणी /दि.16- अमरावती जिले के धारणी तहसील के बहुल रंगूबेली क्षेत्र स्थित कुंड गांव में बुधवार सुबह एक किसान पर भालू ने अचानक हमला कर दिया. इस हमले में किसान घायल हो गया, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से उसकी जान बच गई.
जानकारी के मुताबिक कुंड गांव निवासी किसान गांव के समीप खेत की ओर गया था. इसी दौरान जंगल से निकले एक भालू ने उस पर अचानक हमला कर दिया. हमले में किसान के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं. हमले के दौरान किसान के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए. लोगों की भीड़ और शोर देखकर भालू जंगल की ओर भाग गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और चोटें गंभीर नहीं हैं. घटना के बाद रंगूबेली क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लगातार जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.

Back to top button