मुख्यमंत्री पद पर कोई वैकेंसी नहीं, देवेंद्र फडणवीस ही रहेंगे सीएम

एकनाथ शिंदे ने चर्चाओं को लगाया पूर्णविराम

नई दिल्ली/दि.16 महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है और अगले विधानसभा चुनाव तक देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे.
बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद डॉ. श्रीकांत शिंदे के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलने जैसी चर्चाओं का कोई आधार नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार के विकास कार्य हैं, न कि पद की राजनीति. शिंदे ने बताया कि उन्होंने अपने छह सांसदों के साथ अमित शाह से मुलाकात की. बैठक में महाराष्ट्र और संबंधित संसदीय क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. उन्होंने यह भी कहा कि उद्धव ठाकरे गुट से शिवसेना (शिंदे) में शामिल हुए छह सांसदों का प्रवेश पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए किया गया है.
शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर पूछे गए सवाल के जवाब में शिंदे ने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की एक प्रतिबद्ध सहयोगी है. उन्होंने कहा कि किसी नई पार्टी को एनडीए में शामिल करने का निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही लेते हैं. मुख्यमंत्री पद को लेकर उन्होंने कहा, कार्यकर्ता चाहते हैं कि उनकी पार्टी का नेता मुख्यमंत्री बने, इसमें कुछ गलत नहीं है. लेकिन हमारा उद्देश्य केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी पाना नहीं है. कुर्सी हमारा एजेंडा नहीं है.

Back to top button