चांदूर रेलवे में चरवाहा समुदाय की बैठक
आज से अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन

चांदूर रेलवे/दि.16– चरवाहा समुदाय की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चांदूर रेलवे में समुदाय की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में समाज से जुड़े मुद्दों, समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में निर्णय लिया गया कि डॉ. अर्जुन नामदेवराव महानार 16 जुलाई से चरवाहा समुदाय की लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन शुरू करेंगे. समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि सरकार को कई बार ज्ञापन और निवेदन देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आंदोलन का निर्णय लिया गया है. बैठक में बताया गया कि यह आंदोलन पूरे महाराष्ट्र में चलाया जाएगा. समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होकर तन, मन और धन से सहयोग देने की अपील की गई.
वक्ताओं ने कहा कि यह संघर्ष चरवाहा समुदाय के अधिकारों और न्याय की लड़ाई है तथा यदि सरकार ने समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. बैठक में बड़ी संख्या में चरवाहा समुदाय के लोगों ने भाग लिया और डॉ. अर्जुन नामदेवराव महानार के नेतृत्व में आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया.





