समृद्धि पर सडक हादसों में दो की मौत

तलेगांव दशासर और शेंदूरजनाघाट थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.16 – अमरावती जिले के दो अलग-अलग थानों पर हुई भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई. यह सडक दुर्घटना तलेगांव दशासर और शेंदूरजनाघाट क्षेत्र में घटित हुई. दुर्घटना में मृतकों के नाम नाशिक निवासी रघुनाथ प्रभाकर पतोडे (55) और वरुड निवासी रामभाउ अमरसिंग इरपाची है.
जानकारी के मुताबिक पहली दुर्घटना तलेगांव दशासर थाना क्षेत्र के समृद्धि महामार्ग पर घटित हुई. 30 अप्रैल को सुबह 8 बजे के दौरान नाशिक से नागपुर की दिशा में जा रही एक कार ने सामने जा रहे वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. वैद्यकीय रिपोर्ट के मुताबिक अंतर्गत रक्तस्त्राव के कारण उसकी मृत्यु हुई. मृतक का नाम रघुनाथ पतोडे है. इस प्रकरण में पुलिस ने जांच पूर्ण कर 14 जुलाई की रात मामला दर्ज किया है. इसी तरह शेंदूरजनाघाट थाना क्षेत्र में वरुड से पुसला मार्ग पर 10 जुलाई को दोपहर 12.30 बजे के दौरान वरुड निवासी रामभाउ इरपाची पैदल जा रहे थे, तब दुपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में रामभाउ इरपाची की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. शेंदूरजनाघाट पुलिस ने आरोपी दुपहिया चालक माहुली जहांगीर निवासी अरविंद कोकोडे के खिलाफ 14 जुलाई को मामला दर्ज किया है.

Back to top button