अमरावती में दो कुख्यात गिरोह के 28 सदस्यों पर ‘मकोका’ की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त राकेश ओला एक्शन मोड पर

* हिस्ट्रीशीटरों में मचा हडकंप
अमरावती/दि.16- अमरावती शहर पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नागपुरी गेट और राजापेठ थाना क्षेत्र में सक्रिय दो कुख्यात आपराधिक गिरोहों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने दोनों मामलों में मकोका की धाराएं जोड़ने की मंजूरी दी है. बताया गया कि पिछले पांच वर्षों में पहली बार पुलिस आयुक्तालय के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय दो गैंगों पर एक साथ मकोका लगाया गया है.
पुलिस के अनुसार, पहला मामला नागपुरी गेट थाना क्षेत्र से संबंधित है. इस गिरोह का सरगना शेख मुन्नू शेख सलीम है. गिरोह में कुल 18 आरोपी शामिल हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2019 से 2026 के बीच गिरोह के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने, संपत्ति संबंधी अपराध सहित 15 गंभीर मामले दर्ज हैं. गिरोह के सरगना शेख मुन्नू पर पहले भी एमपीडीए के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद गिरोह ने नागपुरी गेट सहित अन्य थाना क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियां जारी रखीं. दूसरा मामला राजापेठ थाना क्षेत्र से जुड़ा है. इस गिरोह का सरगना यश सुनील कडू है. गिरोह में कुल 10 आरोपी शामिल हैं, जिनमें एक आरोपी फरार है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2018 से 2026 के दौरान गिरोह के सदस्यों के खिलाफ शरीर और संपत्ति से जुड़े 15 गंभीर अपराध दर्ज किए गए हैं. यश कडू पर भी पहले एमपीडीए अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन गिरोह की आपराधिक गतिविधियां लगातार जारी रहीं.
पुलिस के मुताबिक, दोनों गिरोहों ने अमरावती शहर में संगठित रूप से गंभीर अपराध कर आम जनता में दहशत का माहौल बनाया और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न की. दोनों गिरोहों के आपराधिक रिकॉर्ड, पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और न्यायालय के विभिन्न निर्णयों का अध्ययन करने के बाद 15 जुलाई को पुलिस आयुक्त ने दोनों मामलों में मकोका अधिनियम, 1999 की धारा 3(1)(आईआई), 3(2) और 3(4) लागू करने की मंजूरी दी. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है. उन्होंने शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ भी मकोका के तहत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके (जोन-1) और श्याम घुगे (जोन-2) के निर्देशन में की गई. राजापेठ थाना प्रभारी संदीप चव्हाण, नागपुरी गेट थाना प्रभारी मनोहर कोटनाके, एमओसीए सेल के अधिकारी इमरान नायकवाडे, अजय मिश्रा तथा दोनों थानों के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवश्यक न्यायालयीन दस्तावेज तैयार कर दोनों गिरोहों के खिलाफ मकोका के तहत प्रभावी कार्रवाई पूरी की.





