जिला परिषद की टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल

लंबित निविदाएं तत्काल खोलने की युवक कांग्रेस की मांग

* अतिरिक्त सीईओ को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.17- अमरावती जिला परिषद में टेंडर प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए युवक कांग्रेस ने लंबित निविदाओं को तत्काल खोलकर विकास कार्य शुरू करने की मांग की है. इस संबंध में संगठन के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक ठमके को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में कहा गया है कि 18 अप्रैल को जारी टेंडर नोटिस क्रमांक 25/2025-26 एवं 27/2025-26 की प्रक्रिया पूरी हुए लगभग एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक निविदाएं नहीं खोली गई हैं. इससे जिला परिषद के अंतर्गत सड़क, भवन, पेयजल सहित विभिन्न विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है. शासन से निधि उपलब्ध होने के बावजूद केवल प्रशासनिक देरी के कारण विकास कार्यों का रुका रहना गंभीर विषय है. युवक कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जिला परिषद में यह चर्चा है कि कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है. इससे पूरी निविदा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया है तथा प्रशासन पर बाहरी राजनीतिक हस्तक्षेप का भी संदेह पैदा हो रहा है. संगठन ने कहा कि यदि इन चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है, तो प्रशासन को तुरंत निविदाएं खोलकर सभी शंकाओं का निराकरण करना चाहिए.
ज्ञापन में कहा गया कि जनता के कर से प्राप्त निधि का उपयोग केवल जनहित और विकास कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दबाव या कुछ ठेकेदारों के हित साधने के लिए. इसलिए शासन के नियमों के अनुसार पारदर्शी तरीके से निविदा प्रक्रिया पूरी कर पात्र ठेकेदारों को न्याय दिया जाए. युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि टेंडर प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब कर विकास कार्यों को रोका गया, तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा. साथ ही मामले की शिकायत शासन के वरिष्ठ स्तर और जांच एजेंसियों से भी की जाएगी. इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव समीर जवंजाल, जिला कार्याध्यक्ष अनिकेत डेंगले, अमरावती विधानसभा अध्यक्ष वैभव देशमुख, बडनेरा विधानसभा अध्यक्ष आशीष यादव, प्रियल मोहोल, प्रवीण अमृतकर, हर्षल साखरकर, हरीश देशमुख तथा सलमान खान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button