अमरावती की विशेष लोक अदालत में 229 मामलों का निपटारा

4.13 करोड़ रुपये के दावों पर हुआ समझौता

अमरावती/दि.21- जिला एवं सत्र न्यायालय, अमरावती में आयोजित विशेष लोक अदालत में विभिन्न लंबित मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया. इस दौरान मुख्य रूप से परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक बाउंस मामलों में समझौते पर विशेष जोर दिया गया. इस पहल को पूरे जिले से नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला.
विशेष लोक अदालत के संचालन के लिए जिलेभर में 18 पैनल गठित किए गए थे, जिनमें न्यायाधीश, अधिवक्ता और न्यायालयीन कर्मचारियों को शामिल किया गया. लोक अदालत के समक्ष कुल 2,740 लंबित मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 229 मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया. इस लोक अदालत की विशेष उपलब्धि यह रही कि 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित चार पुराने मामलों में भी दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया. पूरी प्रक्रिया के दौरान 4 करोड़ 13 लाख 45 हजार 372 रुपये के दावों का समझौते के माध्यम से निस्तारण किया गया.
यह विशेष लोक अदालत प्रमुख जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष उज्ज्वला एम. नंदेश्वर के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय सहारे के नियोजन में आयोजित की गई. इस अभियान में जिला न्यायाधीश-1 ए.जी. जोशी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत देशमुख, अधिवक्ताओं, बैंकों एवं सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा पक्षकारों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजय सहारे ने सभी संबंधित पक्षों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह विशेष लोक अदालत सफल रही.

Back to top button