संत परंपरा के संरक्षण के साथ होगा तीर्थस्थलों का विकास
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक

* गंगाखेड़, अमरावती और काटोल के संशोधित विकास प्रस्तावों को मंजूरी
* 115 करोड़ रुपये के कार्यों को मिलेगी रफ्तार
मुंबई/दि.21– महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित रखते हुए राज्य के प्रमुख तीर्थस्थलों का समग्र विकास किया जाएगा, ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिले. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में परभणी के गंगाखेड़ स्थित संत जनाबाई तीर्थक्षेत्र, अमरावती के संत गाडगेबाबा समाधि स्थल और नागपुर जिले के काटोल स्थित भगवान श्री चक्रधर स्वामी मंदिर परिसर के संशोधित विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
इन तीनों परियोजनाओं पर कुल 115 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं. बैठक में राज्यमंत्री एड. आशीष जयस्वाल, मेघना साकोरे-बोर्डीकर, विधायक रत्नाकर गुट्टे, चरण सिंह ठाकुर तथा मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
* अमरावती के संत गाडगेबाबा समाधि स्थल पर 25 करोड़ रुपये होंगे खर्च
अमरावती स्थित संत गाडगेबाबा समाधि स्थल के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इस परियोजना के तहत संत गाडगे महाराज स्मृति केंद्र के कल्चरल वैल्यू एजुकेशन सेंटर का शेष निर्माण, शेतकरी ग्राम सफाई मिशन सेंटर, यात्री निवास की दूसरी और तीसरी मंजिल, कीर्तन सभागार, समाधि का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण, ध्यान केंद्र, कुंताबाई समाधि का सौंदर्यीकरण, आंतरिक सड़कें, पार्किंग, उद्यान, फर्नीचर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा.
* गंगाखेड़ में संत जनाबाई तीर्थक्षेत्र पर 48.55 करोड़ रुपये
परभणी जिले के गंगाखेड़ स्थित संत जनाबाई जन्मस्थल के विकास के लिए 48.55 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. इस योजना में सांस्कृतिक सभागार, गोदावरी घाट का विकास, दर्शन मंडप, उद्यान, पाथवे, मंदिर से घाट तक सीमेंट कंक्रीट सड़क, गौशाला भवन, सुरक्षा दीवार, जल निकासी व्यवस्था, विद्युत सुविधा, सार्वजनिक शौचालय, सौर ऊर्जा, सीसीटीवी, पेयजल और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
* काटोल के चक्रधर स्वामी मंदिर परिसर के लिए 41.75 करोड़ रुपये
नागपुर जिले के काटोल स्थित भगवान श्री चक्रधर स्वामी मंदिर परिसर के विकास पर 41.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. परियोजना में बहुउद्देशीय सभागार, आधुनिक सार्वजनिक शौचालय, भव्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा दीवार, पार्किंग, उद्यान, कमानी पुल, पाथवे और अन्य पर्यटन सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी.





