रविनगर क्षेत्र अंधेरे में डूबा, स्ट्रीट लाइट के एमएसईबी मीटर बार-बार ऑटो-ऑफ

नागरिकों में दहशत, आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.21- शहर के प्रभाग क्रमांक 17 अंतर्गत रविनगर, छांगाणी नगर, न्यू गणेश कॉलोनी और अंबा विहार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों के लिए लगाए गए महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी के मीटर बार-बार ऑटो-ऑफ होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब रहा है. लगातार हो रही इस समस्या से विशेषकर बारिश के मौसम में नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है.
रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद होने से मुख्य सड़कें, आंतरिक मार्ग और सार्वजनिक स्थान पूरी तरह अंधेरे में डूब जाते हैं. इससे महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और रात में आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे के कारण चोरी, दुर्घटना, सर्पदंश और अन्य अप्रिय घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. नागरिकों के अनुसार इस गंभीर समस्या की जानकारी पहले भी पन्नालाल सेंटर के संबंधित अधिकारी श्री बोंद्रे को कई बार दी गई थी, लेकिन मीटर के बार-बार ऑटो-ऑफ होने की समस्या का अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मीटर ऑटो-ऑफ होने के बाद उसे तुरंत चालू करने की जिम्मेदारी किस विभाग की है, यह स्पष्ट नहीं है. शाम या रात के समय मीटर बंद होने पर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी तत्काल कार्रवाई के लिए उपलब्ध नहीं रहता, जिससे लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ता है. नागरिकों ने मांग की है कि स्ट्रीट लाइट के बिजली आपूर्ति से जुड़े एमएसईबी मीटर ऑटो-ऑफ होने की स्थिति में उन्हें तुरंत चालू करने की जिम्मेदारी तय की जाए. इसके लिए 24 घंटे उपलब्ध रहने वाले अधिकारी या कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए तथा बार-बार खराब होने वाले मीटरों की तकनीकी जांच कर आवश्यकता पड़ने पर नए मीटर लगाए जाएं, ताकि क्षेत्र में निर्बाध और सुरक्षित स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित हो सके. इस बीच नगरसेविका एवं स्थायी समिति सदस्य प्रियंका भूषणराव पाटणे तथा सामाजिक कार्यकर्ता भूषण अरविंदराव पाटणे ने प्रशासन से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और रविनगर क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के लिए स्थायी समाधान लागू करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नागरिकों के साथ मिलकर तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा.

Back to top button