नागपुरी गेट पुलिस की तत्परता से 7 माह से लापता युवक परिवार से मिला
पुलिस ने भाई को सुरक्षित किया हवाले

अमरावती/दि.21– नागपुरी गेट पुलिस की सतर्कता और तत्काल कार्रवाई से उत्तर प्रदेश का सात माह से लापता 21 वर्षीय युवक अपने परिवार से मिल गया. युवक के मिलने से उसके परिजनों में खुशी का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक वसीम खान उर्फ खान (21), उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की सुहार तहसील का निवासी है. वह करीब सात महीने पहले घर से लापता हो गया था. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. आखिरकार वसीम के बड़े भाई नाजिम खान ने अमरावती के नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन के थानेदार मनोहर कोटनाके से फोन पर संपर्क कर मदद की अपील की. मामले को गंभीरता से लेते हुए मनोहर कोटनाके ने तत्काल पुलिस टीम को युवक की तलाश के निर्देश दिए. इसी दौरान सूचना मिली कि वसीम नागपुरी गेट क्षेत्र के चार खंभा चौक स्थित एक दुकान पर काम कर रहा है.
सूचना के आधार पर पुलिस जवान आकाश कांबले मौके पर पहुंचे और वसीम को सुरक्षित नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन लेकर आए. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मनोहर कोटनाके की मौजूदगी में वसीम को उसके बड़े भाई नाजिम खान के सुपुर्द कर दिया गया. सात महीने बाद भाई से मिलकर परिवार भावुक हो गया. परिजनों ने नागपुरी गेट पुलिस, विशेष रूप से थानेदार मनोहर कोटनाके और पुलिस जवान आकाश कांबले का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्काल कार्रवाई की सराहना की. पुलिस की इस संवेदनशील और मानवीय पहल से एक बिछड़ा परिवार फिर से एकजुट हो सका.





