राजापेठ थाने में बदमाशों की ‘पाठशाला’

पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने दी सख्त चेतावनी

अमरावती/दि.21 – शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अमरावती पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए सोमवार शाम राजापेठ पुलिस थाने में कुख्यात और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की विशेष बैठक आयोजित की. इस दौरान पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने करीब 25 बदमाशों को तलब कर भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी.
बैठक में पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, राजापेठ के थानेदार संदीप चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. अधिकारियों ने विभिन्न गंभीर मामलों में शामिल रहे अपराधियों की गतिविधियों की समीक्षा की और उनकी हिस्ट्रीशीट की जांच की. पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में किसी भी अपराध में उनकी संलिप्तता पाई गई तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने अपराधियों को कानून का पालन करने और शांतिपूर्ण जीवन अपनाने की सलाह दी. बैठक के दौरान कई अपराधियों से व्यक्तिगत रूप से पूछताछ भी की गई. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें उनके पुराने मामलों की याद दिलाते हुए भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी.
सूत्रों के अनुसार, कुछ बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं. पुलिस आयुक्त ने कहा कि शहर में अपराध और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, तड़ीपार सहित अन्य कानूनी उपाय भी किए जाएंगे. पुलिस की इस पहल को अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है कि अमरावती में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

Back to top button